गुजरात के पंचमहाल में दो समुदायों के बीच झगड़े के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। इसके बाद वहां पुलिस तैनात करनी पड़ी है। मामला ईराल गांव के शेख फलिया इलाके का है। पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात (26 मई) को ईराल गांव से एक बारात जा रही थी। उसमें एक गाना बजाया जा रहा था जिसपर वहां रहने वाले लोगों ने आपत्ति जताई। बावजूद इसके गाने को बंद नहीं किया गया और उसे बार-बार चलाया जाने लगा।
इसके बाद वहां रहने वाले लोगों में से तकरीबन 12 लोग बारात में घुसकर झगड़ा करने लगे। इसके बाद मामला हिंसक हो गया। फिर पुलिस के आने पर लोगों को शांत किया जा सका।
विजलपुर थाने के इंस्पेक्टर सहदेवसिंह पड्हेरिया ने बताया कि उन्होंने दोनों समुदायों के 22 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। सहदेव ने बताया कि इलाके में शांति बनाए रखने के लिए 15 पुलिसवालों की तैनाती भी की गई है।
ईराल वही इलाका है जहां पर गोधरा कांड के बाद एक मुस्लिम परिवार के 8 लोगों को मारकर, दो महिलाओं के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था। उस वक्त कोर्ट ने इसके आरोप में 8 लोगों को सजा सुनाई थी। इस घटना के बाद मुस्लिम लोग कई साल तक इस इलाके में रहने नहीं आए थे।