दिल्ली के केशवपुरम मेट्रो स्टेशन पर 16 साल की एक लड़की ने मरे हुए भ्रूण को जन्म दिया। लड़की बलात्कार की शिकार हुई थी। पुलिस ने बताया कि वह गर्भपात कराने के लिए आरोपी लड़के और उसके दोस्त के साथ क्लीनिक जा रही थी। लेकिन मेट्रो स्टेशन पर टॉयलेट के पास वह गिर गई। मेट्रो स्टेशन के मेडिकल अधिकारी ने जांच में पाया कि उस लड़की ने मरे हुए भ्रूण को जन्म दिया था। उसे 5-6 माह का गर्भ था। उसे तुरंत ही नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक यह घटना 31 जनवरी की बताई जाती है। आरोपी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ मानव तस्करी और बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने बताया, “वह कुछ महीने पहले ही गुलशन से मिली थी। उसने नौकरी दिलाने के बहाने उसका रेप किया और वेश्यावृत्ति करने के लिए जबर्दस्ती की।” जब उसने गुलशन (आरोपी) को बताया कि वह गर्भवती है तो लड़के ने अबॉर्शन कराने का फैसला किया।