चंबा जिले के सलूणी क्षेत्र के चैहड़ा डैम के पास शुक्रवार को निजी बस गहरे नाले में गिर गई। इसमें एक निजी स्कूल के बच्चे भी सवार थे। हादसे में 15 व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि ढाई दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर है। मिली जानकारी के मुताबिक संघणी से डलहौजी जा रही बस में 45 व्यक्ति सवार थे। निजी बस आपरेटर शर्मा बस कंपनी की यह बस एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरी।
मौके पर ही छह व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते हुए दम तोड़ा। खबर लिखे जाने तक आठ शव निकाले जा चुके थे। इनकी शिनाख्त हो चुकी है। इनके नाम रछया निवासी पंजाब, रजत भाटिया निवासी संगरूर, राजकुमार बाथरी, सुमन कुमारी, चैन सिंह, पुन्नी देवी, अरुण बंगराल और सैंकी हैं। मरने वालों की संख्या अधिक हो सकती है। एसडीएम सलूणी मौके पर पहुंच गए हैं। जिला प्रशासन ने हादसे में मारे गए यात्रियों के आश्रितों को 10-10 हजार और घायलों को 5-5 हजार रुपए तत्काल राहत राशि के रूप में दिए हैं।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मारे गए लोगों के प्रति शोक जताया है। राज्यपाल ने शोक संदेश में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना पर शोक जताया है। विधानसभा के अध्यक्ष बीबीएल बुटेल सहित सभी मंत्रियों ने हादसे पर दुख जताया है। क्षेत्रीय विधायक आशा कुमारी ने भी दुर्घटनास्थल का दौरा किया।