जोधपुर में आज से अवींद्र ड्रिल शुरू हो रही है। इसमें भारत और रूस की वायुसेनाएं 12 दिन तक संयुक्त सैन्य अभ्यास करेंगी। इस ड्रिल का मकसद ऑपरेशन स्किल बढ़ाना है। बताया जा रहा है कि रूसी एयरफोर्स ड्रिल के लिए अपने विमान नहीं लाई है। ऐसे में अभ्यास के दौरान रूस निर्मित भारतीय विमानों का इस्तेमाल किया जाएगा।

विशाखापट्टनम में भी अभ्यास कर रहीं दोनों देशों की नौसेनाएं
रक्षा विभाग ने बताया कि अक्टूबर 2017 में भी भारत और रूस ने 10 दिन तक सैन्य अभ्यास किया था। इसमें दोनों देशों की तीनों सेनाएं (जल, थल और वायु) शामिल हुई थीं। वहीं, भारतीय नौसेना ने रविवार को रूसी नौसेना के साथ विशाखापट्टनम में अभ्यास शुरू किया, जो 16 दिसंबर तक चलेगा। इसमें रूस की नौसेना के जहाज वरयाग, पैंटेलेयेव और बोरिस बुटोमा शामिल हुए। दोनों देशों की नौसेना का यह 10वां संयुक्त सैन्य अभ्यास है।

दो हिस्सों में होगा नौसेना का अभ्यास
सेना के मुताबिक, रूस और भारत की नौसेना के बीच सैन्य अभ्यास दो हिस्सों में किया जा रहा है। पहला हार्बर फेज और दूसरा सी फेज। हार्बर फेज विशाखापट्टनम में 12 दिसंबर तक चलेगा। इसका मकसद दोनों देशों में सांस्कृतिक और खेलों के लिए बेहतर तालमेल बनाना है। सी फेज 13 से 16 दिसंबर तक बंगाल की खाड़ी में होगा। इसमें पनडुब्बी युद्ध, एयर डिफेंस ड्रिल और जमीनी गोलीबारी अभ्यास किए जाएंगे।

चेंगडू में कल से अभ्यास करेंगे भारत और चीन
भारत 11 दिसंबर से चीन के साथ उसके चेंगडू शहर में भी संयुक्त सैन्य अभ्यास करेगा। इसका मकसद आतंक के खिलाफ खुद को और मजबूती से स्थापित करना है। साथ ही, अपनी सेनाओं का ऑपरेशन स्किल बढ़ाना है। यह अभ्यास 23 दिसंबर तक चलेगा, जो भारत और चीन के बीच 7वां संयुक्त सैन्य अभ्यास होगा। इसमें दोनों देशों के सौ-सौ सैनिक शामिल होंगे। पिछले साल दोनों देशों के बीच डोकलाम पर 73 दिन तक गतिरोध रहा था। यह गतिरोध खत्म होने के करीब एक साल बाद दोनों देशों के बीच सैन्य ड्रिल हो रही है।

 

पाकिस्तान ने भी चीन के साथ ड्रिल शुरू की
उधर, पाकिस्तान ने भी चीन के साथ रविवार से सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया है। इसके लिए चीनी सेना शनिवार शाम पाकिस्तान पहुंच गई थी। यह अभ्यास पाकिस्तान के भोलारी एयरबेस पर हो रहा है, जो तीन सप्ताह तक चलेगा। दोनों देशों के बीच यह छठा संयुक्त सैन्य अभ्यास है। खास बात यह है कि रूस और पाकिस्तान ने ऐसा संयुक्त सैन्य अभ्यास नवंबर के पहले सप्ताह में भी किया था।