उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक नाबालिग छात्र ने अपने सहपाठी को क्लास में पढ़ते समय अचानक गोली मार दी। इस घटना में छात्र की मौत हो गयी। दोनों की उम्र लगभग 14 साल थी। बताया जा रहा है कि क्लास में सीट पर बैठने को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। बुलंदशहर पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है और लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार घटना बीते गुरुवार की है।
जानकारी के अनुसार जिस समय नाबालिग ने अपने सहपाठी को गोली मारी उस समय क्लास में टीचर पढ़ा रहे थे। अचानक गोली की आवाज़ सुनते ही क्लास में सन्नाटा छा गया। उसके बाद जैसे ही क्लास में मौजूद अन्य विद्यार्थियों ने देखा कि उसके सहपाठी को गोली मार दी गयी है तो वे बेतहाशा चीखने-चिल्लाने लगे और क्लासरूम से भागने लगे। इस दौरान आरोपी छात्र ने मौके से फरार होने की कोशिश की लेकिन स्कूल के अध्यापक ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
बुलंदशहर पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए कहा कि बुधवार को दोनों बच्चों में एक ही सीट पर बैठने को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद दोनों छात्रों में जमकर मारपीट भी हुई। लेकिन आरोपी छात्र इतने गुस्से में था कि वह गुरुवार को पिस्तौल लेकर स्कूल आ गया। पिस्तौल उसके चाचा की थी जो फ़ौज में हैं और इन दिनों छुट्टी में घर आये हुए हैं। पुलिस ने आगे बताते हुए कहा कि करीब 11 बजे के आसपास जैसे ही क्लास शुरू हुआ तो आरोपी छात्र ने अपने बैग से पिस्तौल निकाली और तीन गोलियां मार दी। गोली मृतक छात्र के सिर में लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। अन्य दो गोली उसके सीने और पेट में लगी।
गोली मारने के बाद आरोपी छात्र ने फरार होने की कोशिश की। लेकिन वहां मौजूद शिक्षकों ने उसे पकड़ लिया। पकडे जाने पर उसने टीचरों के साथ भी धक्का मुक्की की और गोली मारने की धमकी दी। जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस को हत्या की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही बुलंदशहर के एसपी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुँच गए और आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया। वहीँ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।