-
भारत ने आजादी के बाद अब तक 14 प्रधानमंत्री देखे हैं। फिलहाल नरेंद्र मोदी लगातार दूसरी बार पीएम बन देश का नेतृत्व कर रहे हैं। बात अगर शिक्षा की करें तो पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर नरेंद्र मोदी तक जितने भी प्रधानमंत्री बने उनमें सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे डॉ. मनमोहन सिंह रहे। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने मैट्रिक की परीक्षा पास करने के 16 साल बाद एमए किया है। आइए डालते हैं भारत के अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों की एजुकेशनल क्वालिफिकेशन पर एक नजर:
-
देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू 15 साल की उम्र में इंग्लैंड चले गए थे जहां उन्होंने अपनी शिक्षा हासिल की। पहले उन्होंने Harrow स्कूल में पढ़ाई की। फिर उन्होंने 1907-1910 में ट्रिनिटी कॉलेज, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से नेचुरल साइंस में ग्रेजुएशन किया और फिर लंदन के इनर टेम्पल ( Inns of Court School of Law, London) से वकालत की पढ़ाई पूरी की।
-
लाल बहादुर शास्त्री ने वाराणसी के काशी विद्यापीठ से बैचलर डिग्री ली थी।

इंदिरा गांधी ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में मॉडर्न हिस्ट्री की पढ़ाई शुरू की थी लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वह अपनी डिग्री लिए बिना ही भारत लौट आईं। इसके अलावा वह कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में भी पढ़ चुकी थीं। इनमें इकोले नउवेले, इकोले इंटरनेशनल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान हैं। -
मोरारजी देसाई ने 1918 में बॉम्बे प्रोविंस के विल्सन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया था।
-
चरण सिंह साइंस ग्रैजुएट थे। उन्होंने आगरा यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रैजुएशन भी किया था। वो लॉ की भी प्रैक्टिस किया करते थे।

सबसे कम उम्र में देश के पीएम बनने वाले राजीव गांधी ने लंदन के कैंब्रिज और इंपिरियल कॉलेज जैसे संस्थानों से शिक्षा ग्रहण की थी। राजीव गांधी ने यहां से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की थी। इसके साथ ही वह लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से भी पढ़े हैं। -
वीपी सिंह ने बीए, बीएससी और एलएलबी किया था। वीपी सिंह ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के साथ ही पूना यूनिवर्सिटी से भी पढ़ाई की है।
-
युवा तुर्क के नाम से मशहूर चंद्रशेखर ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में एमए किया था।
-
एचडी देवेगौड़ा के पास सिंविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा है।
-
पूर्व पीएम इंद्र कुमार गुजराल ने बीकॉम करने के बाद एमए किया था।
-
दिवंगत प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव पुणे के फर्गुसन कॉलेज और नागपुर विश्वविद्यालय से पढ़ाई की थी। उनके पास बीएससी औऱ एलएलबी की डिग्री थी।
-
दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राजनीति विज्ञान में एमए किया था।
-
डॉ. मनमोहन सिंह का नाम देश के सबसे ज्यादा पढ़े लिखे प्रधानमंत्री के तौर पर लिया जाता है। मनमोहन सिंह ने 1948 में पंजाब यूनिवर्सिटी से मैट्रिक परीक्षा पास की। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज, ब्रिटेन से 1957 में अर्थशास्त्र में प्रथम श्रेणी के साथ ऑनर्स डिग्री हासिल की है। इसके बाद डॉ. सिंह ने 1962 में ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी के नफील्ड कॉलेज से अर्थशास्त्र में डी. फिल की।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास एमए की डिग्री है। उन्होंने 1983 में गुजरात यूनिवर्सिटी से एमए किया है। पीएम मोदी ने बीए दिल्ली यूनिवर्सिटी से 1978 में किया था। वहीं हाई स्कूल की परीक्षा उन्होंने गुजरात बोर्ड से 1967 में पास की थी।