-
ब्रिटेन में रहने वाले कारोबारी जसबीर वोहरा संगीत से खासा प्यार करते हैं। वह मूल रूप से भारत के रहने वाले हैं और साल 1968 में विदेश चले गए थे। देश भले ही छूट गया, लेकिन वह यहां की यादें और गाने नहीं भूले। गानों से इतना लगाव है कि भजन से लेकर बॉलीवुड के हिट गाने उन्हें रटे हैं। ऐसे में वह बॉलीवुड सिंगर बनन का ख्वाब देखते हैं। 66 साल के वोहरा ने कहा, "मैं अकॉर्डियन और हारमोनियम जैसे म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स भी बजाता हं और कई तरह के राग भी गा लेता हूं।" वोहरा और उनके चार भाई साल 1968 में ब्रिटेन चले गए थे, जहां उन्होंने ईस्ट एंड फूड्स नाम से अपना कारोबार शुरू किया।
-
वोहरा अपने भाइयों संग तब इस छोटी सी कंपनी के जरिए वहां रहने वाले भारतीयों को दाल और चावल बेचते थे। आज उनकी यह कंपनी एशिया की सबसे बड़ी फूड कंपनियों में शुमार है। कंपनी में तकरीबन 400 लोग काम करते हैं। साल 2013 में उनकी कंपनी का टर्नओवर 243 मिलियन डॉलर्स (तकरबीन साढ़े 15 अरब रुपए) था।
-
कारोबार जमाने के बाद वोहरा खुद को संगीत से दूर नहीं पाए। आज भी गानों के प्रति उनका जुनून देखने को मिलता है। वह भजन से लेकर बॉलीवुड हिट्स तक गाते हैं। बीबीसी के अनुसार, शनिवार और इतवार को वक्त मिलने पर थोड़ी-बहुत रिकॉर्डिंग भी कर लेते हैं।
-
यही नहीं, वोहरा खुद गाने भी लिख चुके हैं। अभी तक उनके छह एल्बम रिलीज हो चुके हैं। इन दिनों वह अपने सिंगल एल्बम के लिए काम कर रहे हैं। पुरानी यादों को ताजा करते हुए बोले, "मैं चार साल का था, तब दिल्ली में रहता था। उसी वक्त से गाने का शौक है। मेरी मां भी गाने गाती थीं।"
1978 के बाद सिंगिंग को लेकर गंभीर हुए। चूंकि इसी बीच उन्हें कुछ संगीतकारों से साथ स्टेज पर गाने का मौका मिला था। यहीं से वोहरा का आत्मविश्वास जागा और उन्होंने सिंगर बनने का सपना देखना शुरू किया। -
मुंबई में उन्होंने अपनी टीम भी बना रखी है, जो उनके गानों की रिकॉर्डिंग और एल्बम बनाने का काम संभालती है। बर्मिंघम स्थित घर में उन्होंने रिकॉर्डिंग स्टूडियो तक बना रखा है। बेटा इंदी वोहरा भी पेशे में आना चाहता है। उसने बताया, "यह अच्छी बात है कि वह काम के साथ अपने जुनून के लिए भी वक्त निकालते हैं। मुझमें भी यह प्रतिभा उन्हीं के चलते आई है।" (सभी फोटोज़ः फेसबुक, टि्वटर और लिंक्डइन)