-
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर जबलपुर-मंडला मार्ग पर स्थित बरेला गांव के पास बुधवार को एक हादसा हुआ। लोहे के सरियों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद तीन मकानों में घुस गया। इस हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जबलपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बी एस चौहान ने फोन पर बताया कि हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस दल पर पत्थर बरसाए और पुलिस की गाड़ी में आग लगा दी। चौहान ने बताया कि ट्रक छत्तीसगढ़ से आ रहा था और यह सरियों से भरा 16 पहियों का बड़ा ट्रॉला था। इस वजह से घरों को काफी नुकसान हुआ है। बचाव कार्य सावधानीपूर्वक किया जा रहा है।
-
हादसे के बाद घटना स्थल पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
-
हादसे में घायल हुए लोगों का इलाज किया जा रहा है। राहत कार्य शुरू कर दिया गया है।
-
कलेक्टर महेशचन्द्र चौधरी के मुताबिक, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है।
-
मुख्यमंत्री ने गम्भीर रूप से घायल व्यक्तियों को भी मुख्यमंत्री सहायता कोष से 25-25 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की है।
-
खबर है कि हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
-
बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही हताहत लोगों की सही संख्या का पता चल सकेगा।
