
Chirag Paswan LJP, Shreyashi Singh BJP: बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election) में पहले चरण का मतदान 28 अक्टूबर को होना है। प्रत्याशी जनता के बीच अपने लिए वोट की अपील कर रहे हैं। राजनीतिक दलों के बीच भी जुबानी जंग चालू है। बीजेपी (BJP) के कुछ बड़े नेता लोजपा को वोटकटवा बता रहे हैं तो चिराग खुद भी राज्य के सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर हमलावर रुख अख्तियार किए हुए हैं। इन सबके बीच लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने जमुई विधानसभा सीट से बीजेपी की श्रेयषी सिंह को जिताने की अपील की है। आइए जानते हैं कौन हैं श्रेयषी सिंह: श्रेयषी सिंह नेशनल लेवल की शूटर हैं। श्रेयषी ने 2018 के राष्ट्र मंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। इससे पहले ग्लासगो में हुए 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी की डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता था। -
श्रेयषी सिंह को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों अर्जुन अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
-
अर्जुन अवार्ड पाने वाली श्रेयषी पहली बिहारी महिला हैं।
श्रेयषी के पिता दिग्विजय सिंह जदयू के सांसद थे। वह अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। पिता के निधन के बाद श्रेयषी की मां पुतुल सिंह को बांका की जनता ने अपना सांसद चुना और लोकसभा भेजा। -
बिहार विधानसभा चुनाव से ऐन पहले श्रेयषी सिंह को बीजेपी ने पार्टी की सदस्यता दिलाई और जमुई से टिकट भी दे दिया।
जमुई से चिराग पासवान सांसद हैं। स्थानीय बीजेपी नेताओं की तरफ से तीखे प्रहार झेलने के बाद भी चिराग ने श्रेयषी सिंह के पक्ष में वोट डालने की अपील की है। चिराग ने श्रेयषी सिंह के समर्थन में ट्वीट करते हुए लिखा- 'जमुई विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी छोटी बहन श्रेयसी सिंह को ढेर सारी शुभकामनाएं।लोजपा के सभी कार्यकर्ताओं से अपील है की श्रेयशी की मदत करें। भाजपा प्रत्याशी और लोजपा प्रत्याशी ही मिल कर युवा बिहार नया बिहार बनाएंगे। जेडीयू को दिया गया एक भी वोट शिक्षकों को लाठी खाने पर मजबूर करेगा।' -
चुनाव आयोग को दाखिल नामांकन के मुताबिक श्रेयषी सिंह के पास कुल 7.23 करोड़ की संपत्ति है। इसमें 1.57 करोड़ की चल और 5.65 करोड़ की अचल संपत्ति है।
-
All Photos: Social Media