-

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का बुधवार को सोमनाथ मंदिर के दर्शन करना विवाद का कारण बना गया। दरअसल राहुल गांधी के मीडिया समन्वयक मनोज त्यागी ने मंदिर में प्रवेश करने से पहले गैर हिंदुओं के लिए बने रजिस्टर में राहुल गांधी का नाम भी लिख दिया जिसके बाद से इस मामले ने तुल पकड़ लिया। एक तरफ जहां बीजेपी राहुल गांधी के हिन्दू होने पर ही सवाल खड़े कर रही है तो वहीं कांग्रेस इस पूरे विवाद के बाद रक्षात्मक मुद्रा में आ गई है। पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि राहुल गांधी ना सिर्फ हिन्दू हैं बल्कि जनेऊधारी हिन्दू हैं। वहीं पार्टी नेता पी एल पुनिया यहां तक बोल गये कि राहुल ब्राह्मण हैं। इस पूरे विवाद के बाद राहुल गांधी की कुछ तस्वीरे सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही हैं जिनमें राहुल गांधी या तो जनेऊ पहने दिख रहे हैं या दूसरे कर्मकाण्ड करते दिख रहे हैं। कांग्रेस समर्थक इन तस्वीरों के सहारे राहुल के हिन्दू होने के दावे का बचाव करते दिख रहे हैं।
-
राहुल के हिन्दू होने पर बीजेपी द्वारा सवाल खड़ा करने पर कांग्रेस ने इसे भाजपा पर ओछी राजनीति बताया है। कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी हिंदू भक्त हैं। पार्टी का दावा है कि मंदिर के गैर हिन्दुओं के लिए रखे गए रजिस्टर में बाद में राहुल गांधी और अहमद पटेल का नाम जोड़ा गया है। मनोज त्यागी ने बाद में एक बयान जारी कर कहा कि उन्होंने मंदिर में मीडियाकर्मियों को अंदर ले जाने के लिए गांधी का नाम दर्ज किया था। यह राहुल गांधी या अहमद पटेल की तरफ से नहीं था। इसे बाद में जोड़ दिया गया होगा।
-
विवाद के बाद राहुल गांधी की जनेऊधारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही हैं।
-
बहन प्रियंका वाड्रा की शादी की इस तस्वीर के दम पर एक तरफ जहां कांग्रेस समर्थक राहुल गांधी के जनेऊ पहनने के दावे को सही बता रहे हैं तो उनके विरोधी कोट के ऊपर जनेऊ पहने पर ही सवाल खड़े करते दिख रहे हैं।
कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी की पवित्र धागा पहने तस्वीर को दिखाते हुए सुरजेवाला ने कहा कि राहुल एक जनेऊधारी हिंदू हैं। चाहे उनके नामकरण का समय रहा हो या उनकी बहन की शादी का समय, या फिर उनके पिता के अंतिम संस्कार का समय, उन्हें हमेशा पवित्र जनेऊ के साथ देखा गया है। सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से आग्रह किया कि इतना नीचे नहीं गिरें कि 130 करोड़ हिंदू आप से घृणा करने लगें। उन्होंने कहा कि आपकी साजिश से सच्चाई नहीं बदलेगी। -
राहुल गांधी पिता राजीव गांधी के गोद में हैं। राजीव गांधी और सोनिया गांधी इस तस्वीर में हवन में आहुति डालते नजर आ रहे हैं।
-
गुजरात में 9 और 14 दिसंबर को दो चरण में चुनाव होने हैं वहीं 18 दिसंबर को चुनाव के नतीजें आएंगे।