प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मंत्रियों की बेवजह बयानबाजी पर लगाम लगाने में काफी हद तक कामयाब रहे हैं। मगर गाहे-बगाहे मंत्रियों से जुड़े विवाद उनका सिरदर्द बढ़ाते रहे हैं। चाहे वो गिरिराज सिंह के बेतुके बोल हों या मेनका गांधी-प्रकाश जावडेकर की तू तू-मैं मैं, मोदी के लिए मंत्रियों के बीच की आपसी खींचतान एक चुनौती रही है। फिर स्मृति ईरानी की शैक्षिक योग्यता और उनके कई फैसलों पर उठे विवादों ने केन्द्र सरकार की किरकिरी कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आइए आपको बताते हैं कि पिछले दो साल में किन 5 मंत्रियों की वजह से हुई मोदी सरकार की आलोचना: (EXPRESS ARCHIVE) -
सरकार की सबसे विवादित मंत्रियों में एक स्मृति ईरानी के एचआरडी मिनिस्टर के तौर पर शपथ लेते ही उनकी डिग्री पर विवाद हो गया। अलग-अलग साल में इलेक्शन कमीशन में दाखिल किए गए कागजातों में उनकी एजुकेशनल क्वालिफिकेशन भिन्न होने पर खूब हंगामा मचा। ईरानी के येल यूनिवर्सिटी से डिग्री होने के दावे को भी यूनिवर्सिटी ने खारिज कर दिया था। इसके अलावा रोहित वेमुला विवाद, दिल्ली यूनिवर्सिटी में चार साल का ग्रेजुएशन कोर्स, जर्मन-संस्कृत विवाद, IIT में अलग कैंटीन जैसे मसलों पर स्मृति ने मोदी सरकार की खूब किरकिरी कराई। हाल ही में ट्विटर पर बिहार के शिक्षा मंत्री से 'DEAR' शब्द पर खूब विवाद मचा था। (EXPRESS ARCHIVE)
-
महिला एवं बाल कल्याण मंत्री मेनका गांधी और पर्यावरण मंंत्री प्रकाश जावडेकर देश के विभिन्न हिस्सों में संरक्षित जंगली जानवरों की हत्या पर आमने-सामने आ गए थे। इस विवाद में मोदी सरकार के दो मंत्रालयों के बीच तनातनी जगजाहिर हो गई थी। हालांकि जावडेकर ने कहा था कि कानूनी तरीके से ही जानवरों की हत्या के आदेश दिए गए थे। (EXPRESS ARCHIVE)
-
मुख्तार अब्बास नकवी ने एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में कहा था कि ''जो लोग गाय का मांस खाए बिना नहीं रह सकते, उन्हें पाकिस्तान या अरब देशों की तरफ चले जाना चाहिए। भारत में इसकी इजाजत कभी नहीं मिलेगी।'' नकवी के इस बयान पर खूब हंगामा मचा तो अगले दिन अरुण जेटली सामने आए और कहा कि सरकार की नीतियां ऐसी टिप्पणियों से नहीं प्रभावित होती। (EXPRESS ARCHIVE)
-
मुजफ्फरनगर दंगों में आरोपी रहे संजीव बालियान को मोदी ने अपनी कैबिनेट में शामिल किया। अपने प्रो-हिंदू एजेंडे की वजह से बालियन विवादों में घिरते रहे हैं। इसी साल मार्च में राजस्थान में एक कार्यक्रम के दौरान बालियान से जब एक किसान ने मदद मांगी तो उन्होंने उसे आत्महत्या करने को कह दिया। बालियान की इस हरकत से सरकार को शर्मिंदगी झेलनी पड़ी थी। (EXPRESS ARCHIVE)
-
गिरिराज सिंह बिहार से सांसद हैं। अपने बेबाक और विवादित बयानों के लिए मशहूर गिरिराज मंत्री बनने के कुछ दिन पहले ही मुसलमानों को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान की वजह से घिर गए थे। पेशावर हमले के बाद गिरिराज सिंह ने ट्वीट किया था, 'पाकिस्तान में जो कुछ हुआ, वो फ्रेंडली मैच जैसा था।' हालांकि विवादों में घिरने के बाद उन्हें इस ट्वीट को डिलीट करना पड़ा था। (EXPRESS ARCHIVE)