-
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने संजय लीला भंसाली की ‘बाजीराव मस्तानी’ को अपने कॅरियर की अब तक की सबसे कठिन फिल्म बताते हुए कहा कि इससे वह भावनात्मक रूप से प्रभावित हुई हैं। इस ऐतिहासिक विषय पर आधारित फिल्म में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण भी दिखाई देंगी।
-
32 वर्षीय प्रियंका ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘मेरे लिए यह फिल्म चलते फिरते कविता कहने की तरह है। यह सुंदर है। आमतौर पर मुझे किरदार प्रभावित नहीं करते लेकिन इस फिल्म ने मुझे भावनात्मक रूप से झकझोरा है।’’
-
उन्होंने कहा, ‘‘मैं मानसिक रूप से प्रभावित हुई हूं। एक किरदार के रूप में मैंने इस तरह का अनुभव नहीं किया है। काफी भावनात्मक उथल पुथल है। यह 17वीं सदी की कहानी पर आधारित फिल्म है और मेरी अब तक की सबसे कठिन फिल्म है।’’
-
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता प्रियंका ने इस फिल्म में बाजीराव (रणवीर) की पहली पत्नी काशीबाई का किरदार निभाया है, वहीं दीपिका दूसरी पत्नी मस्तानी के रूप में दिखाई देंगी। इस फिल्म से पहले प्रियंका पांच जून को रिलीज हो रही फिल्म ‘दिल धड़कने दो’ में रणवीर की बहन की भूमिका निभाते हुए दिखाई देंगी। प्रियंका ने साथी अभिनेत्री दीपिका की भी तारीफ की।
