-
देश के अनेक हिस्से गर्मी और लू-लपट को झेल रहे हैं और आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना में लू के प्रकोप ने अब तक 432 लोगों की जान ले ली है। राहत की कोई संभावना नजर नहीं आ रही और भारतीय मौसम विभाग ने दोनों दक्षिणी राज्यों में काफी गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
-
राष्ट्रीय राजधानी में कड़ी धूप और ऊंचे तापमान के साथ तपती हवा चलती रही जिससे लोग बेहाल रहे। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया और आर्द्रता का स्तर 27.5 से लेकर 52.2 प्रतिशत तक घटता बढ़ता रहा।
-
लू का कहर जारी, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अब तक करीब 1100 लोगों की मौत
-
आंध्र प्रदेश में 18 मई के बाद से अब तक 246 लोग लू के प्रकोप के चलते मारे जा चुके हैं। प्रदेश में आज 84 और लोग इसका शिकार हो गये। आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अलग अलग जिलों से शाम 7:15 बजे तक एकत्रित सूचनाओं के आधार पर आंकड़े तैयार किये गये। अधिकारियों ने कहा कि राज्य के प्रकाशम जिले में सबसे ज्यादा 57 लोग मारे गए।
-
तेलंगाना के आपदा प्रबंधन विभाग की एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा कि राज्य में शनिवार से लू के कारण 58 लोगों के मारे जाने के साथ अब तक 10 जिलों में कुल 186 लोग मारे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि नलगोंडा जिले में सबसे ज्यादा 55 लोग, खम्माम जिले में 43 और महबूबनगर जिले में 23 लोग मारे गए हैं। हैदराबाद में लू के कारण दो लोगों की मौत हो गयी। यह मामले तेलंगाना में 15 अप्रैल से दर्ज किये जा रहे हैं।
-
राजस्थान में गर्मी के प्रकोप से कोई राहत नहीं मिली। राज्य में जैसलमेर और श्रीगंगानगर जिले 45.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहे। कोटा में अधिकतम तापमान 45.5, बीकानेर में 44.6 और बाड़मेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार रविवार शाम साढ़े चार बजे तक चुरू और जयपुर दोनों जगहों पर अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस था। जोधपुर, अजमेर और डबोक में अधिकतम तापमान क्रमश: 42, 41.4 और 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।