-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और देश की सभी प्रमुख हस्तियों ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के निधन पर दुख जताया और कहा कि उन्होंने एक ‘मार्गदर्शक’ खो दिया है जिन्होंने भारत को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई ऊंचाई पर पहुंचाया। (एक्सप्रेस फोटो)
-
नरेंद्र मोदी ने कहा, वे एक महान वैज्ञानिक थे जिन्होंने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के साथ ही अंतरिक्ष के क्षेत्र में काफी योगदान दिया। मैंने एक मार्गदर्शक खो दिया है। उन्होंने कहा, वे पूरे देश, विशेष रूप से युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थे। (फोटो: भाषा)
-
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने एक महान सपूत खो दिया जो अपने जीवनकाल में जनता का राष्ट्रपति था और मृत्यु के बाद भी रहेगा। (फोटो: रॉयटर्स)
-
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें एक पूरी पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया। राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कलाम युवाओं और छात्रों के बेहद प्रिय थे। (एक्सप्रेस फोटो)
-
पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि हालिया इतिहास में कुछ ही लोगों को युवाओं , बुजुर्गो , गरीब अमीर, शिक्षित और अशिक्षित और विभिन्न धर्मो में आस्था रखने वाले अलग-अलग भाषाएं बोलने वालों का प्यार मिला है। (फोटो: भाषा)
-
पाकिस्तान ने कलाम के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे अपनी सराहनीय सेवाओं के लिए याद किए जाएंगे। इस्लामाबाद में विदेश कार्यालय ने कहा, भारतीय गणराज्य के पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के निधन पर पाकिस्तान सरकार शोक व्यक्त करती है। बयान में कहा गया है, डॉ कलाम अपने देश के लिए की गई अपनी सराहनीय सेवाओं के लिए याद किए जाएंगे। (फोटो: भाषा)
-
लंदन में जाने-माने उद्योगपति लार्ड स्वराज पॉल ने कलाम के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि वे एक प्रेरक शख्सियत और महान मानवतावादी थे। पॉल ने शोक प्रकट करते हुए कलाम को एक महान राष्ट्रपति और काफी लोकप्रिय नेता भी बताया। (फोटो: भाषा)
-
राजद नेता लालू यादव, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सपा नेता मुलायम सिंह यादव, झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। नीतीश ने कलाम के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए उन्हें एक महान वैज्ञानिक, प्रख्यात समाजसेवी और कुशल प्रशासक बताया।
