मंगलवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में स्थानीय विधायक शंकर घोष के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता बिना मंजूरी के ही युवा संकल्प यात्रा निकालने लगे। बिना मंजूरी के रैली निकालने की वजह से सिलीगुड़ी पुलिस ने विधायक सहित करीब 30 भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी कार्यालय से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। जिसके बाद पुलिस ने वहां मौजूद सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस बस में बिठा दिया। सिलीगुड़ी महानगर पुलिस के डीसीपी ने इस मामले को लेकर कहा कि उन्हें इसलिए गिरफ्तार किया गया है क्योंकि उन्होंने युवा संकल्प यात्रा के लिए अनुमति नहीं ली थी।

आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा देशभर में युवा संकल्प यात्रा निकाल रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भी भाजपा कार्यकर्ता युवा संकल्प यात्रा को निकालने के पार्टी कार्यालय में इक्कठा हुए। संकल्प यात्रा सिलीगुड़ी के भाजपा विधायक शंकर घोष के नेतृत्व में निकलनी थी लेकिन पुलिस के द्वारा इस यात्रा को मंजूरी नहीं दी गई थी। जिसकी वजह से पुलिस ने इस यात्रा के शुरू होने से पहले ही करीब 30 भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। 

बता दें कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ पूरी होने पर केंद्र सरकार ने अमृत महोत्सव मनाने का निर्णय लिया है। सरकार के साथ भाजपा भी इस महोत्सव को व्यापक पैमाने पर मना रही है। भाजपा ने अमृत महोत्सव को लेकर युवा संकल्प यात्रा सहित कई कार्यक्रमों का आयोजन किया है। वहीं सरकार द्वारा मनाया जा रहा यह उत्सव अगले साल 2022 तक चलता रहेगा और इसके कार्यक्रम 2023 तक होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने मार्च महीने में गुजरात के साबरमती आश्रम से आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम शुरू किया था।