‘कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री अपनी फिल्म को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। उनकी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि वो बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन के कर्जदार हैं। उन्होंने वरुण की जमकर तारीफ की और उनके बारे में बात करते हुए विवेक भावुक हो गए।
विवेक ने बताया कि एक वक्त ऐसा भी था जब वो काफी बुरे दौर से गुजर रहे थे। उस मुश्किल वक्त में जब किसी ने उनकी मदद नहीं की, तब बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन ने उनका साथ दिया। अग्निहोत्री ने कहा, ‘मैं वरुण से प्यार करता हूं। मैं वरुण का कर्जदार हूं। मैं ये सब कैमरा पर नहीं कहना चाहता, ये उनके और मेरे बीच की बात है।
जब दुनिया में कोई मेरी मदद नहीं कर रहा था, वरुण ने चुपचाप मेरी मदद की थी। वो बहुत नेक इंसान है। मैं स्टारडम और इस सब चीजों के बारे में नहीं जानता, लेकिन उनके लिए प्रार्थना करता हूं कि वो हमेशा खुश रहें और बहुत सफल हों।
बोलते हुए आंखे हो गई नम: विवेक ने कहा, ”वो बहुत अच्छा लड़का है। मैं उसे पसंद करता हूं। मैं ये इसलिए नहीं कह रहा हूं क्योंकि मुझे उनके साथ काम करना है। मेरी आंखें नम हो रही हैं। जब मैं मदद की उम्मीद छोड़ चुका था, वरुण ने उस वक्त मेरी मदद की थी। मैंने कभी नहीं सोचा था कि उन जैसा कोई भी व्यक्ति मेरी मदद करेगा।”
बता दें कि विवेक अग्निहोत्री साल 2005 में बतौर डायरेक्टर फिल्म चॉकलेट से शुरुआत की थी। लेकिन अपने करियर के शुरुआती दिनों में वो विज्ञापन एजेंसियों के साथ काम किया करते थे। इसके बाद उन्होंने जिलेट और कोका-कोला अभियानों के लिए एक क्रिएटिव डायरेक्टर के तौर पर काम किया। साल 1994 में विवेक टीवी धारावाहिकों के साथ जुड़े और जल्द ही डायरेक्शन और प्रोडक्शन में आ गए।
आज उनकी फिल्म कश्मीर फाइल्स पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। दर्शक उनकी फिल्म को काफी पसंद कर रहे हैं। इसी के साथ फिल्म की कहानी विवादों में घिरी हुई है। फिल्म को लेकर जनता दो पक्षों में बंट चुकी है। एक पक्ष इसे सच्ची कहानी बता रहा है तो दूसरा इसे प्रोपेगेंडा बता रहा है।