CAA Violence: तमिलनाडु के कोयंबटूर में गुरुवार को सांप्रदायिक हिंसा हुई। यहां सुबह कुछ उपद्रवियों ने मस्जिदों पर हमला कर दिया। गणपति इलाके की एक मस्जिद पर पेट्रोल से भरी बोतल फेंकी गई, तो वहीं कोविपुदुर में एक पूजा स्थल में पत्थरबाजी की घटना हुई। इसके बाद से जिले में तनाव का माहौल है। बताया गया है कि ‘हिंदू मुन्नानी’ के एक कार्यकर्ता पर पर बुधवार रात को हमला हुआ था। इसी के बदले में शरारती तत्वों ने मस्जिदों पर हमले किए।
हिंदू मुन्नानी के जिला सचिव मदुक्करई आनंद बुधवार शाम को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में एक रैली में हिस्सा ले कर लौट रहे थे। कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद हिंदू मुन्नानी ने पुलिस की तरफ से कार्रवाई में देरी के लिए कोयंबटूर में शुक्रवार को बंद बुलाया था। हिंदू मुन्नानी के कार्यकर्ता कदेश्वर सुब्रमण्यम ने इसे हिंसा भड़काने की साजिश करार दिया। उन्होंने कांग्रेस, द्रमुक और लेफ्ट पार्टियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने ही मुस्लिम समुदाय को हिंसा करने और राजनीतिक फायदे के लिए भड़काया है।
मस्जिदों पर हमले के खिलाफ क्षेत्रीय सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ने पुलिस कमिश्नर से अपील की। पार्टी ने कहा कि जिले में मौजूद सभी मस्जिदों को सुरक्षा दी जाए और हमलावरों पर कड़ी कार्रवाई हो। तमिलनाडु तौहीद जमात ने कहा कि जो लोग शांति में भरोसा नहीं करते, उन्हीं की तरफ से यह हमला हुआ है।