फेमिना Miss India 2020 का Result सामने आया तो खिताब तेलंगाना की मानसा के खाते में गया, लेकिन जिस प्रतिभागी ने लोगों की आंखों को नम कर दिया उसका नाम है मान्या सिंह। हो भी क्यों न, मान्या का जीवन ही संघर्ष की दास्तां है। मान्या ने खुद सोशल मीडिया पर अपने संघर्ष की कहानी बयां की है। सोशल मीडिया पर इस समय मानसा से ज्यादा मान्या की चर्चा हो रही है।

Contest में मान्या सिंह फर्स्ट रनरअप और मनिका शियोकांडा सेकेंड रनरअप रहीं। अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट पर मान्या ने लिखा, उनके पिता ऑटो ड्राइवर हैं। वह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की रहने वाली हैं। गरीबी की वजह से उनका बचपन कई मुश्किलों से गुजरा। उन्होंने कई रातें खाने और नींद के बिना गुजारी हैं। गरीबी के कारण उन्हें कभी स्कूल जाने का मौका नहीं मिला। घर की हालत इतनी खस्ता थी कि कम उम्र में ही मान्या को दूसरे घरों में काम करना पड़ा।

मान्या ने लिखा, उनकी परीक्षा की फीस भरने के लिए मां ने गहने तक गिरवी रख दिए थे। उन्होंने मेरे लिए बहुत कुछ झेला है। वह दिन में पढ़ती थीं, शाम को रेस्तरां में बर्तन धोतीं और रात को कॉल सेंटर में काम करती थीं। उनका कहना है कि मिस इंडिया के मंच पर वह सिर्फ अपने माता-पिता और भाई की वजह से हैं। इन्होंने सिखाया कि अगर खुद पर विश्वास है तो मंजिल को हासिल कर सपनों को पूरे किया जा सकता है।

फिलहाल मान्या की कई पुरानी फोटो और वीडियो के साथ उनकी फैमिली से जुड़ी कई बातें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। एक वीडियो में मान्या सड़क पर हिल्स पहनकर रैंप वॉक करती नजर आ रही हैं। मान्या ने इसे शेयर करते हुए लिखा, कोयला कैसे डायमंड बना। मान्या के इस वीडियो को फैन्स खूब पसंद और शेयर कर रहे हैं। HSC में बेस्ट स्टूडेंट का खिताब जीतने वाली मान्या अब मैनेजमेंट कोर्स करने की तैयारी में हैं।

मान्या ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें उनके माता-पिता फोन पर उनका इंटरव्यू देखते नजर आ रहे हैं। बेटी की सफलता को देखकर वो अपने आंसू नहीं रोक पाते हैं। मान्या ने कहा कि ये मेरे लिए बहुत प्राउड मोमेंट है। फेमिना मिस इंडिया 2020 के ग्रांड फिनाले का आयोजन मुंबई में किया गया था। इस इवेंट में नेहा धूपिया और अपारशक्ति खुराना जैसी शख्सियतें शामिल रहीं।