भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि विपक्षी दलों को हिन्दू धर्म में घर वापसी तो नजर आती है, लेकिन हिन्दुओं को ईसाई या मुस्लिम बनाये जाने पर वे टिप्पणी नहीं करते।

आदित्यनाथ ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘देश में अनेक स्थानों पर हिन्दू को ईसाई और मुस्लिम बनाया जा रहा है लेकिन इस पर विपक्षी नेता टिप्पणी नहीं करते। इनको केवल हिन्दू धर्म में घर वापसी दिखायी दे रही है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार धर्मान्तरण विरोधी कानून बनाना चाहती है। विपक्षी दल इसका समर्थन क्यों नहीं करते? धर्मान्तरण सामाजिक मुद्दा है और मोदी सरकार का इससे कोई लेना देना नहीं है।

उल्लेखनीय है कि हाल की धर्मान्तरण की घटनाओं को लेकर विपक्षी दलों ने मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया था।

उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां के ताजमहल को गिराने की साजिश रचने संबंधी बयान पर आदित्यनाथ ने कहा कि आजम के बयान को गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए। ताजमहल के बारे में आजम ने हमेशा से विवादास्पद बयान दिये हैं।

आमिर खान अभिनीत ‘पीके’ फिल्म में हिन्दू देवी देवताओं के बारे में कथित अनर्गल टिप्पणी के बारे में किये गये सवाल पर भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने फिल्म नहीं देखी है लेकिन सुना है। फिल्म और कला के नाम पर किसी समुदाय पर टिप्पणी गलत है। हिन्दू भावनाओं का सम्मान होना चाहिए।

मोदी सरकार के कामकाज को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश को सही दिशा और नेतृत्व दे रही है। विपक्ष हताश और निराश है। अनर्गल मुद्दों के जरिए वह सरकार का ध्यान विकास से हटाना चाहता है।

उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार के कामकाज की शैली पर सवाल उठाते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि कानून-व्यवस्था, विकास, किसानों और आम जनता से जुडे मुद्दों को लेकर भाजपा अखिलेश सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ेगी।