पति द्वारा लगातार ‘‘मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न’’ किए जाने से परेशान होकर 42 वर्षीय एक महिला ने कथित तौर पर शनिवार तड़के अपने पति की छुरा घोंपकर हत्या कर दी। घटना यहां नाल्लाकुनता इलाके की है।

नाल्लाकुनता पुलिस थाने के निरीक्षक एस संतोष कुमार ने बताया कि विजय लक्ष्मी ने तड़के तीन बजे अपने सोते हुए पति के पेट में छुरा घोंपकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद लक्ष्मी ने पुलिस के समक्ष चाकू के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। हत्या के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

निरीक्षक ने कहा कि दंपति मूल रूप से तेलंगाना के निजामाबाद जिले का निवासी था जो 10 साल पहले हैदराबाद आ गया। उनकी दो बेटियां हैं जो शादी-शुदा हैं। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी एक निजी कॉलेज में काम करती थी। उसका पति गंगाधर काम नहीं करता था। वह पत्नी पर शक करता था और शराब के नशे में रोजाना उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।