कानपुर के एक चमड़ा व्यवसायी पर उसकी पत्नी ने सनसनीखेज आरोप लगाया है। पत्नी का कहना है कि उसके पति ने उसे अपने चचेरे भाई से जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने आरोपी साहिल और उसके चचेरे भाई अख्सार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि 25 साल की महिला की शादी बीते साल ही साहिल से हुई थी। महिला का कहना है कि जून महीने में जब वे दोनों दिल्ली गए थे तो उसके पति ने उसे जबरन अख्सार से रिश्ते बनाने के लिए मजबूर किया। महिला का कहना है कि उस वक्त उसके पति ने अख्सार की गर्लफ्रेंड से शारीरिक संबंध बनाए। उसने आरोप लगाया कि अख्सार ने उसका रेप किया। इसके अलावा, पति साहिल ने उसे धमकाया, जिसकी वजह से उसका गर्भपात हो गया। महिला का दावा है कि दो महीने पहले उसके पति साहिल ने एक बार फिर अख्सार से रिश्ते बनाने का दबाव डाला। उस वक्त अख्सार और उसकी गर्लफ्रेंड कानपुर आए हुए थे। इसके बाद, महिला ने कानपुर के चकेरी थाने में गुरुवार को मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने रेप, अप्राकृतिक दुराचार, धमकाने सबंधित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।