बीजेपी यूथ विंग के कार्यकर्ताओं ने कनाडाई गायक शुभ के कार्यक्रम का विरोध किया है। उन्होंने कनाडाई गायक शुभ के मुंबई में लगे पोस्टर हटा दिए और आयोजकों से कार्यक्रम रद्द करने को कहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा है कि देश में खालिस्तानियों के लिए कोई जगह नहीं है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) मुंबई के अध्यक्ष तजिंदर सिंह तिवाणा ने मुंबई के अधिकारियों से कनाडाई गायक शुभ के संगीत कार्यक्रम को रद्द करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा है कि वे भारत की अखंडता और एकता के दुश्मन को छत्रपति शिवाजी महाराज की पवित्र भूमि पर कार्यक्रम नहीं करने देंगे। उन्होंने कहा कि देश में खालिस्तानियों के लिए कोई जगह नहीं है और कार्यक्रम रद्द करने का उनका अनुरोध पूरा नहीं होने पर आयोजकों को कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

तजिंदर सिंह तिवाणा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट में कहा, “भारत की अखंडता और एकता के दुश्मन खालिस्तानियों के लिए कोई जगह नहीं है। हम कनाडाई गायक शुभ को छत्रपति शिवाजी महाराज की पवित्र भूमि मुंबई में प्रदर्शन नहीं करने देंगे। अगर कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आयोजकों हमारे विरोध का सामना करना पड़ेगा।”

तजिंदर सिंह तिवाणा ने आगे कहा, “फिर भी अगर यह शो रद्द नहीं किया गया तो BJYM मुंबई आयोजकों के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएगा।” उन्होंने नागरिकों से ऐसे संगीत समारोहों का बहिष्कार करने का आग्रह किया जहां राष्ट्र-विरोधी लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “ऐसे आयोजनों में भाग लेने का मतलब सीधे तौर पर हमारे देश के दुश्मनों का समर्थन करना है जो भारत को विभाजित करना चाहते हैं।”

शुभ का क्यों विरोध कर रही बीजेपी?

अपने पोस्ट में तजिंदर सिंह तिवाणा ने उस शिकायत की तस्वीरें साझा कीं, जो उन्होंने पुलिस में दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर क्षेत्र के बिना भारत का नक्शा पोस्ट करने के लिए कनाडाई गायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शुभ खालिस्तान समर्थक कार्यकर्ता है और उनके एजेंडे का समर्थन करता है। तिवाणा ने उस इंस्टा स्टोरी का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है जिसे शुभ ने भारत के विकृत नक्शे के साथ शेयर किया था।