India Pakistan Latest News: भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम हो चुका है। हालांकि, शनिवार को पाकिस्तानी सेना की तरफ से की गई गोलीबारी में कांगड़ा जिले के रहने वाले पंजाब रेजिमेंट के सूबेदार मेजर पवन कुमार जरियाल शहीद हो गए। जरियाल 31 अगस्त को रिटायर होने वाले थे, लेकिन कुछ ही महीने पहले उन्होंने सीमावर्ती शहर को अपनी आखिरी पोस्टिंग के तौर पर चुना था।

पवन कुमार जरियाल के पिता गराज सिंह जरियाल ने कहा कि वह 32 साल की सेवा पूरी करने के बाद तीन महीने में रिटायर हो जाते। उन्होंने कहा, ‘बस कुछ महीने पहले, जब उन्हें अपनी आखिरी पोस्टिंग चुनने का विकल्प दिया गया था, तो उन्होंने सीमावर्ती शहर में पोस्टिंग का विकल्प चुना। हम सभी उनकी वापसी की योजना बना रहे थे, किसने सोचा था कि वे तिरंगे में लिपटे घर आएंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बाद से मैंने उनसे केवल एक बार बात की थी। उन्होंने कहा था कि वे बंकरों में रह रहे थे।’

जरियाल के दो बच्चे

जरियाल के परिवार में माता-पिता, पत्नी सुषमा देवी और दो बच्चे बेटा अभिषेक और बेटी अनामिका हैं। धर्मशाला में इग्नू स्टडी सेंटर केंद्र में ग्रेजुएशन के छात्र अभिषेक ने बताया कि उसके पिता ने कल रात उसकी मां को वीडियो कॉल किया था। अभिषेक ने बताया, ‘हर सुबह मैं अपने पिता से गुड मॉर्निंग मैसेज पाकर उठता था और आज ऐसा कोई मैसेज नहीं था। इसके तुरंत बाद हमें एक वरिष्ठ अधिकारी का फोन आया, जिसने हमें बताया कि मेरे पिता के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ घंटों बाद, हमें एक और कॉल आया जिसमें बताया गया कि उनकी मृत्यु हो गई है।’ उन्होंने बताया कि जरियाल 1992 में सेना में भर्ती हुए थे।

भारत ने PAK के खिलाफ किया ब्रह्मोस का इस्तेमाल? 

कांगड़ा के डीसी हेमराज बावरा ने कहा, “रक्षा अधिकारियों द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर शनिवार देर रात उनके घर पहुंचेगा और रविवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए पुंछ से राजौरी ले जाया गया है, जिसके बाद शव को सड़क मार्ग से शाहपुर लाया जाएगा।”

राज्य सरकार हर संभव मदद देगी – सुखविंदर सिंह सुक्खू

इस बीच, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जरियाल ने देश की एकता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया और लोग उन्हें हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ है और हर संभव सहायता मदद देगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर , विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की। सीजफायर से पुंछ को मिली सबसे ज्यादा राहत