Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल में शाही जामा मस्जिद के हरिहर मंदिर होने के दावे के बाद काफी हंगामा मच गया है। सुप्रीम कोर्ट के वकील विष्णु शंकर जैन ने 19 नवंबर को संभल के सिविल कोर्ट में दावा करते हुए कहा कि इस मस्जिद को हरि हर मंदिर के नाम से जाना जाता था और मुगल सम्राट बाबर ने 1529 में इस जगह को तोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि ऐसा माना जाता है कि कल्कि अवतार संभल में ही हुआ है।

संभल की जामा मस्जिद का 19 नवंबर को जब पहली बार सर्वे किया गया था तो कोर्ट कमिश्नर के साथ में वरिष्ठ वकील विष्णु शंकर जैन भी मौजूद थे। इतना ही नहीं जब दोबारा से 24 नवंबर को टीम सर्वे करने के लिए पहुंची थी तो उस समय भी वह वहां पर मौजूद थे। संभल में हिंसा के बाद उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भीड़ का असली टारगेट तो सर्वे करने पहुंची टीम थी। हिंदू धर्म से संबंधित करीब 110 मामलों से हरिशंकर जैन और विष्णु जैन जुड़े हैं।

कौन हैं विष्णु शंकर जैन?

अब विष्णु शंकर जैन के बारे में विस्तार से बात करें तो उनका जन्म 9 अक्टूबर 1986 को हुआ था। विष्णु ने 2010 में बालाजी लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री हासिल की और विश्व स्तर पर प्रसिद्ध राम जन्मभूमि मामले से अपने कानूनी करियर की शुरुआत की। वह अब तक अयोध्या, ज्ञानवापी, कुतुब मीनार और ताजमहल आदि मामलों में अपनी अहम भूमिका निभाते रहे हैं। बता दें कि विष्णु शंकर जैन और उनके पिता हरिशंकर जैन की जोड़ी हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस, हिंदू महासभा, गोवा की सनातन संस्था, भगवा रक्षा वाहिनी और हिंद साम्राज्य पार्टी जैसे कई संस्थाओं से जुड़े हुए हैं।

4 की मौत, 20 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल… संभल में 1 दिसंबर तक बाहरी की नो एंट्री

संभल में हुई पत्थरबाजी की घटना पर क्या बोले विष्णु शंकर जैन

संभल में हुई पत्थरबाजी की घटना पर वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने कहा, ‘वहां कोर्ट के आदेश के अनुपालन में सर्वे किया गया था और उसके बाद वहां भीड़ जमा होने लगी। नारेबाजी बाद में अराजकता में बदल गई और पथराव शुरू हो गया। कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और प्रशासन ने बहुत शांति से स्थिति को संभाला। यहां तक ​​कि मुस्लिम पक्ष का प्रतिनिधित्व करने वाले वकीलों ने भी शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बावजूद भीड़ ने पथराव किया। यह साजिश का हिस्सा था और स्थानीय लोगों ने भीड़ को सर्वे टीम को निशाना बनाने के लिए उकसाया।’ संभल विवाद से जुड़ी जानकारी के लिए यहां क्लिक कर पढ़े पूरी खबर…