हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की अज्ञात हमलावरों ने दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया है। बहादुरगढ़ के पास फॉर्च्युनर कार में बैठे नफे सिंह राठी पर अज्ञात लोगों ने हमला किया था। इसके चलते वह गंभीर रुप से घायल हो गए थे और जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक उनकी मौत हो गई थी। बता दें कि राठी के साथ चार और लोग भी बुरी तरह घायल हुए थे जिनमें से एक की मौत हो गई है।
इस हमले को लेकर सामने आया कि बदमाश I-10 गाड़ी से आए थे और उन्होंने नफे सिंह की गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं थी। जानकारी के मुताबिक करीब 40-50 राउंड गोलियां चली थीं। इसके बाद सभी को ब्रह्माशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, और इस दौरान ही नफे सिंह राठी की मौत हो गई थी।
बता दें कि इस हमले में नफे सिंह राठी के गले में दो गोलियां लगी हैं और इसके अलावा उनकी कमर पर भी गोली लगी है। इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी की भी मौत हो गई है। हरियाणा की राजनीति में नफे सिंह राठी एक दिग्गज नेता रहे हैं। वह दो बार विधायक रह चुके हैं। खास बात यह है कि दोनों ही बार उन्होंने बहादुरगढ़ से ही विधायकी हासिल की थी। वे दो बार बहादुरगढ़ नगर परिषद के चेयरमैन भी रह चुके हैं। वे ऑल इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन के प्रेसिडेंट भी रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने रोहतक लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ चुके हैं।
गौरतलब है कि हरियाणा में इन दिनों नफे सिंह राठी अपनी पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल की परिवर्तन यात्रा को लीड कर रहे थे। वह अभय सिंह चौटाला के बहुत करीबी नेता माने जाते थे और उनके विश्वास पात्र भी थे ऐसे मे इनेलो को राठी की हत्या से बड़ा झटका भी लग सकता है। नफे सिंह राठी के राजनीतिक कद की बात करें तो वे आईएलएडी सुप्रीमो ओपी चौटाला और अभय चौटाला के खास माने जाते थे।
INLD में टूट के भी वे ओपी और अभय चौटाला के साथ ही बने रहे थे। राठी ने दुष्यंत चौटाला द्वारा जेजेपी के गठन पर नाराजगी जताते हुए उन पर जोरदार हमले बोले थे।