दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे का जबरदस्त प्रकोप देखने को मिल रहा है। ठंड इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही है और कोहरे की वजह से लोगों को जीरो विज़िबिलिटी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे की चादर इतनी घनी है कि दिल्ली-एनसीआर की कई सड़कें धुंध में खो गई हैं, जिससे लोगों को रास्ता ढूंढने में काफी परेशानी हो रही है।
शनिवार सुबह Delhi NCR के नोएडा और गाजियाबाद में भी घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के चलते हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है और कई उड़ानों में देरी की खबर है। इसके अलावा कई ट्रेनों के भी लेट चलने की जानकारी सामने आई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। वहीं शनिवार को हवा की गति लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। India Meteorological Department ने 21 और 22 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि 20 से 22 दिसंबर के बीच पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं पंजाब, उत्तरी हरियाणा और राजस्थान के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की वजह से उत्तर भारत में कोहरे का असर और बढ़ सकता है।
उत्तर प्रदेश भी इस समय भीषण ठंड से जूझ रहा है। शुक्रवार को गोरखपुर में अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते 14 वर्षों में सबसे कम रहा। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शनिवार को गोरखपुर समेत उत्तर प्रदेश के करीब 50 जिलों में घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
