देश की संसद में आज सोमवार को राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस चर्चा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। इतिहास के कई प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने 1906 की एक क्रांतिकारी घटना का जिक्र किया, जहां माना जाता है कि वंदे मातरम का झंडा लेकर हजारों लोग ब्रिटिश शासन के खिलाफ एकजुट हो गए थे। यह एक ऐसा आंदोलन था जिसमें हिंदुओं के साथ-साथ मुसलमान भी बड़ी संख्या में शामिल हुए थे।

यह वह दौर था जब वंदे मातरम का नारा पूरे देश में गूंज रहा था। ब्रिटिश हुकूमत इस नारे को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं कर पा रही थी। उन्हें लगता था कि यह नारा जनता को बगावत के लिए प्रेरित कर रहा है। कई शहरों और राज्यों में इस नारे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई शुरू हो चुकी थी। लोगों को गिरफ्तार किया जाता था और उन पर अत्याचार किए जाते थे।

ऐसी ही एक घटना 20 मई 1906 को बारीसाल (Barisal) में हुई, जो वर्तमान में बांग्लादेश में स्थित है। असल में वहाँ वंदे मातरम के समर्थन में एक जुलूस निकाला गया था। 10,000 से ज्यादा लोग इस जुलूस में शामिल हुए। इस आंदोलन की सबसे खूबसूरत बात यह थी कि हिंदू और मुसलमान दोनों कंधे से कंधा मिलाकर खड़े थे और उन्होंने एकता का बड़ा संदेश दिया।

वंदे मातरम के बढ़ते प्रभाव और जनता की एकजुटता को देखकर ब्रिटिश हुकूमत घबरा गई। इसके बाद उन्होंने कई कठोर कदम उठाए। उस समय पूर्वी बंगाल प्रांत की सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों में वंदे मातरम का नारा लगाने पर पूरी तरह रोक लगा दी। कई शैक्षणिक संस्थानों की मान्यता रद्द करने की चेतावनी तक दी गई। साथ ही, जिन छात्रों ने ऐसे किसी राजनीतिक आंदोलन में हिस्सा लिया, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

बारीसाल सम्मेलन को इतना महत्वपूर्ण इसलिए माना जाता है क्योंकि ब्रिटिश सरकार ने इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन को पुलिस लाठीचार्ज करवा कर तितर-बितर कर दिया था। इसी सम्मेलन के बाद स्वदेशी आंदोलन ने नई रफ्तार पकड़ी और उसे व्यापक जनसमर्थन भी मिला।

ये भी पढ़ें- LIVE: नेहरू के कांग्रेस प्रस्ताव में वंदे मातरम के कुछ छंद बदल दिए गए