शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने डिप्टी चेयरमैन हरिवंंश नारायण सिंह को पत्र लिख सदन में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती पर हैरानी जताई। उन्होंने इन सुरक्षाकर्मियों को CISF कर्मी बताया।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने पत्र में राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन हरिवंश नारायण सिंह से कहा कि हम इस बात से हैरान और स्तब्ध हैं कि CISF कर्मियों को सदन के वेल में दौड़ाया जा रहा है, जब सदस्य अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह बेहद आपत्तिजनक है और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि भविष्य में, जब सदस्य जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दे उठा रहे होंगे तो CISF कर्मी सदन के वेल में नहीं आएंगे।
प्रमोद तिवारी बोेले- भारत के लोकतंत्र में काला दिन
इस मसले पर कांग्रेस के सांसद प्रमोद तिवारी ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आज भारत के लोकतंत्र में दुखद और काला दिन है। सदन में कमांडो तैनात किए गए हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि ये CISF कर्मी हैं जबकि कुछ लोग कुछ अन्य बातें कर रहे हैं। इन कर्मियों ने सदस्यों को स्टाफ तक जाने से बलपूर्वक रोका। हमारी महिला सदस्यों से पुरुषों ने धक्कामुक्की की। आज सदन में पीएम नरेंद्र मोदी का लोकतंत्र खत्म करने का और तानाशाही लाने का दृश्य दिखाई दिया।
प्रमोद तिवारी ने यह भी कहा कि जिस तरह से सदन के बाहर से लोगों को बुलाकर सांसदों को जबरदस्ती वेल में जाने से रोका गया, ये भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला दिन है और हम इस पर उपसभापति को लिखित में अपनी आपत्ति दर्ज करा रहे हैं। सब कुछ कैमरे में कैद है।
संसद में कांग्रेस सांसद ने फिल्मी अंदाज में PM मोदी पर कसा तंज