Delhi NCR Updates: उत्तर भारत में गर्मी का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है। दिल्ली से लेकर यूपी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान बिहार में गर्मी के लोगों का बुरा हाल है। रविवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार को भी ऐसे ही मौसम की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक 12 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और दिन के समय तेज गर्म हवाएं चलेंगी।

कब होगी बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों तक तापमान में ज्यादा वृद्धि होने के आसार नहीं हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा की गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रहेगी। आंशिक तौर पर बादल भी छाए रहेंगे। बुधवार के बाद हवा की दक्षिणी-पश्चिमी हो जाएगी। यह हवा अपने साथ अरब सागर की नमी लेकर आएगी, जिसके चलते 15 और 16 तारीख को दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है।

कब आएगा मॉनसून?

दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत के लोगों को मानसून के लिए अभी और इंतजार करना होगा। मौसम विभाग के मुताबिक जून से अंत तक मानसून राजधानी दिल्ली में दस्तक के सकता है। आईएमडी के मुताबिक अगले 24 घंट में मानसून पूरे उत्तर पूर्व भारत को कवर कर सकता है। गौरतलब है कि बिहार-यूपी-झारखंड-राजस्थान में फिलहाल लू चल रही है, जिसकी वजह से लोग काफी परेशान हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, इन राज्यों में मॉनसून का असर 1 जुलाई से दिखाई दे सकता है।

अन्य राज्यों का क्या है हाल

आईएमडी ने मुंबई के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर अत्यधिक गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) 7 किमी. प्रति घंटे की गति के साथ उत्तर की बढ़ रहा है। आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश (Rain) होने की संभावना है। आईएमडी ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में लू (Heat Wave) चलने की संभावना जताई है।