Weather forecast Today, Monsoon, and Temperature today: उत्तर प्रदेश के कानपुर में बादलों से जमकर पानी बरसा। मौसम विभाग की मानें तो हवा बदलने से मानसूनी बारिश ने संभावित दो दिन पहले शहर में दस्तक दे दी है। शाम ढलते ही बादलों ने डेरा जमाया और डेढ़ घंटे की झमाझम बारिश ने शहरवासियों को जमकर भिगोया। शहर में दो घंटे में 26.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

Live Blog

21:01 (IST)25 Jun 2019
बिहार-झारखंड तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश में आएगी कमी, बढ़ेगा पारा

स्काइमेट वेदर के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से बिहार सहित झारखंड और उत्तर प्रदेश के इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिली है। बारिश की इन गतिविधियों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिससे प्रचंड धूप ओर गर्मी से राहत मिली। मौसम जानकारों के अनुसार अब बारिश की गतिविधियां कम होंगी और तापमान में 3-4 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार हैं। हालांकि बारिश के बाद पहले की तरह प्रचंड गर्मी नहीं होगी।

20:00 (IST)25 Jun 2019
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में मानसून के मुंबई पहुंचने की उम्मीद जताई

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में मानसून के मुंबई पहुंचने की उम्मीद जताई है। विभाग ने कहा कि बुधवार तक मानसून शहर में दस्तक दे देगा। बर्शते मानसून में होने वाली बारिश मानदंडों को पूरा करे। दरअसल मौसम विभाग ने मानसून की घोषणा के लिए मानदंड तैयार किए हुए हैं। लगातार दो दिनों तक 2.5 मिमी से ज्यादा बारिश हो, हवाओं की दिशा और तापमान के साथ समुद्री गतिविधियां ठीक हों तो मानसून के आने की घोषणा की जाती है।

19:12 (IST)25 Jun 2019
मानसूनी बारिश ने देश के आधे हिस्से को कवर किया

मौसम विभाग ने मंगलवार (25 जून 2019) को कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में विशेषकर पश्चिमी भारत में गन्ने, कपास और सोयाबीन और मध्य और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में चावल की बुवाई वाले क्षेत्रों में मानसूनी बारिश ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मानसून शुरू होने के बाद देश के लगभग आधे हिस्से में बारिश हो चुकी है।

17:58 (IST)25 Jun 2019
उत्तराखंड में मानसून ने वक्त पर दस्तक दी

उत्तराखंड में मानसून ने वक्त पर दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने भी इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। मौसम विभाग की आशंका थी की राज्य में मानसून इस हफ्ते दस्तक नहीं देगा। अनुमान लगाया जा रहा था कि प्रदेश में एक जुलाई के आसपास मानसून दस्तक देगा।

इसके अलावा मानसून ने महाराष्ट्र, दक्षिणपूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी है। जिसके चलते सोमवार को इन राज्यों के कई इलाकों में बारिश हुई। हालांकि दिल्ली एनसीआर में अभी बारिश के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। दरअसल दिल्ली एनसीआर में मानसून अगले हफ्ते तक आ सकता है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं।

17:12 (IST)25 Jun 2019
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान

मौसम पूर्वानुमान बताने वाली एजेंसी स्काइमेट वेदर ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, शिमला समेत कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और भारी बारिश का अनुमान जताया है।

16:17 (IST)25 Jun 2019
दिल्ली एनसीआर समेत देश के कई इलाकों में छाए बादल

दिल्ली एनसीआर समेत देश के कई इलाकों में आज बादल छाए हुए हैं। वहीं कुछ जगहों पर धूप भी खिली है। जिसके चलते लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि यह राहत लंबे समय तक नहीं रहेगी और पूर्वानुमान के मुताबिक हफ्ते के अंत में एक बार फिर गर्मी अपना कहर दिखाएगी और तापमान 43 डिग्री तक जा सकता है।

मंगलवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है और अधिक्तम तापमान 34 डिग्री तक पहुचने का अनुमान है। देश के दूसरे राज्यों की बात करें तो मौसम विभाग का अनुमान है कि बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, पूर्वी राजस्थान, कोंकण-गोवा, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के इलाकों में मंगलवार को बारिश हो सकती है।

15:33 (IST)25 Jun 2019
आधे देश में पहुंचा मानसून, इस हफ्ते के अंत तक पश्चिमी और दक्षिण भारत पहुंचेगा

मानसून ने देश के तटीय इलाकों में दस्तक दे दी है, जिसके साथ ही कई राज्यों में बारिश का सिलसिला शुरु हो गया है। माना जा रहा है इस हफ्ते के अंत तक मानसून देश के बाकी बचे हिस्सों में भी पहुंच जाएगा।

14:34 (IST)25 Jun 2019
अगले हफ्ते तक दिल्ली पहुंच सकता है मानसून

मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश पहुंच चुका है, लेकिन दिल्ली और उत्तर पश्चिम यूपी में बारिश के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। इन इलाकों में मानसून अगले हफ्ते तक पहुंच सकता है। 

13:55 (IST)25 Jun 2019
हफ्ते के अंत में फिर होगी गर्मी

सोमवार से दिल्ली एनसीआर में मौसम कुछ खुशनुमा बना हुआ है, लेकिन हफ्ते के अंत में एक बार फिर गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, शुक्रवार से फिर से तापमान 43 डिग्री के पार जा सकता है। 

12:42 (IST)25 Jun 2019
नोएडा मौसम अपडेट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा का मंगलवार (25 जून, 2019) को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इस दौरान आंशिक रूप से धूप निकलती रहेगी। 26 जून को नोएडा तापमान में बढ़ोतरी होगी यह 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान इस दिन 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा और दिन गर्म रहेगा।

12:28 (IST)25 Jun 2019
पर्वतीय राज्यों का हाल

उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में पिछले 24 से 48 घंटों से बारिश की गतिविधियां शुरू हुई हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी रिकॉर्ड की गई है। विशेषकर हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर मूसलाधार बारिश हुई। सुंदरनगर में 61 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

11:52 (IST)25 Jun 2019
गुजरात में मौसम का हाल

गुजरात में चक्रवाती तूफान 'वायु' के जाने के बाद से यहां बारिश की रफ्तार थम सी गई है। राज्य में पिछले 24 घंटों से शुष्क मौसम देखा जा रहा है। इसके विपरीत, पिछले 24 घंटों से कुछ क्षेत्रों में बारिश देखी गई है। यह बारिश ज्यादातर भुज, सूरत और उनके आसपास के इलाकों तक ही सीमित रही।

11:14 (IST)25 Jun 2019
सोमवार को यूपी के जिलों में ऐसा था तापमान

प्रयागराज का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री, गोरखपुर का 30 डिग्री, झांसी का 30 डिग्री, बहराइच 27, फिरोजाबाद का 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

10:45 (IST)25 Jun 2019
इन राज्यों में आज होगी बारिश

आज उत्तराखंड, बिहार, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिमी मध्य प्रदेश और कर्नाटक में तेज बारिश की संभानवा है वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगड, दिल्ली, पश्चिमि उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, और पश्चिमी मध्य प्रदेश के इलाकों में अंधी तूफान और बिजली कड़कने का अनुमान है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक दे चुका है। मानसून ने वाराणसी, बहराइच, सुल्तानपुर में लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई है।

10:08 (IST)25 Jun 2019
दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम समेत यूपी के कई इलाकों में छाए बादल

दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम समेत यूपी के कई इलाकों में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में सुबह बादल छाने के बाद दिन में बारिश हो सकती है। मंगलवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और अधिक्तम तापमान 34 डिग्री तक पहुचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी में आज दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे।

09:15 (IST)25 Jun 2019
मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक

मानसून ने मध्यप्रदेश के पूर्वी एवं दक्षिणी भागों में सोमवार को दस्तक दे दी और अगले 48 घंटों में इसके राज्य के अन्य भागों में पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक जी डी मिश्रा ने बताया, ‘मानसून मध्यप्रदेश के पूर्वी एवं दक्षिणी भागों में प्रवेश कर चुका है। इससे मध्यप्रदेश के बालाघाट, मंडला, छिंदवाड़ा एवं खंडवा जिलों में सोमवार को बारिश हुई।’ उन्होंने बताया कि अगले 48 घंटे में मानसून के प्रदेश के अन्य भागों में पहुंचने की उम्मीद है।

08:42 (IST)25 Jun 2019
नोएडा को आज मिलेगी गर्मी से राहत

दिल्ली से सटे नोएडा के मौसम में आज भी बदलाव देखने को मिला है। शहर में बादल छाए हुए हैं। अनुमान है कि गर्मी और उमस से जूझ रहे नोएडा को थोड़ी राहत मिल सकती है। विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहने का अनुमान है।