Weather Forecast Today, Temperature: हिमाचल प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में भारी बर्फबारी के चलते तापमान में खासी गिरावट आई है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक रविवार को तापमान लाहौल-स्पीति में -15 डिग्री, कल्पा में -8 डिग्री, डलहोजी में -2.4 डिग्री और मनाली में -4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कश्मीर घाटी और लद्दाख में पारा जमावबिंदु से नीचे चला गया। भारतीय मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 21 जनवरी को दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अगले आठ से 10 दिनों में तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग ने कहा कि हालांकि अगले तीन दिन तक कश्मीर घाटी में हिमपात होने की संभावना नहीं है लेकिन 21 जनवरी से 24 जनवरी के बीच हल्की बर्फबारी हो सकती है। पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। सुबह में घना कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता कम हो गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।।

Live Blog

19:04 (IST)19 Jan 2020
Chhattisgarh, India Weather Forecast:

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्य प्रदेश तक बने तरफ के चलते छत्तीसगढ़ में बारिश हुई है। छत्तीसगढ़ और इससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गर्जना के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

17:20 (IST)19 Jan 2020
इन राज्यों में होगा कोहरे का प्रभाव

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा , चंड़ीगढ़ , दिल्ली , मध्य प्रदेश ,उत्तराखंड , उत्तर प्रदेश , राजस्थान और ओडीशा  के कुछ हिस्सों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है।

16:23 (IST)19 Jan 2020
पहाड़ों पर बर्फबारी

मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते दिल्ली एनसीआर के क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 20 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय हो रहा है।

15:02 (IST)19 Jan 2020
हिमाचल प्रदेश: शनिवार को किन्नौर जिले के रिब्बा गांव में हिमस्खलन हुआ, देखें वीडियो-
14:36 (IST)19 Jan 2020
Weather Forecast Today: दिसंबर में देश के मैदानी इलाकों में इस बार रिकार्ड तोड़ सर्दी

दिसंबर में देश के मैदानी इलाकों में इस बार रिकार्ड तोड़ सर्दी, पहाड़ी क्षेत्रों में अप्रत्याशित बर्फबारी और अब जनवरी में पारे के बार बार उतार चढ़ाव के कारण मौसम की अनूठी आंख मिचौली के लिये मौसम विज्ञानी हिमालय क्षेत्र में अधिक तीव्रता के पश्चिमी विक्षोभों को प्रमुख वजह बता रहे हैं। मौसम विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. सती देवी ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि मौसम के इस अप्रत्याशित मिजाज का ही नतीजा है कि हिमालय क्षेत्र में रिकार्ड बर्फबारी और मैदानी इलाकों में जनवरी में 40 मिमी तक बारिश के साथ धूप एवं बादलों की लुकाछिपी का अनूठा खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि दिन में बार बार धूप निकलना और बीच बीच में बारिश होना, जलवायु परिवर्तन की आहट के बीच मौसम की चरम गतिविधियों के परिणाम है। डा. सती देवी ने मौसम के अप्रत्याशित मिजाज की तात्कालिक वजह हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभों की तीव्रता में इस साल अप्रत्याशित अधिकता आने को बताया।

12:51 (IST)19 Jan 2020
दिल्ली के मौसम का हाल जानिए

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को पारा गिरने से ठंड बढ़ गई और सुबह के समय न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरकर सात डिग्री सेल्सियस पर आ गया। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिन में साफ आसमान रहने और शाम तक हल्के कोहरे का अनुमान व्यक्त किया है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वाहन 11 बजे तक दिल्ली के आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 335 दर्ज किया गया जो ‘बहुत खराब’ की श्रेणी में आता है , जबकि आईटीओ क्षेत्र में सूचकांक 293 रहा जो ‘खराब’ की श्रेणी में आता है।

11:56 (IST)19 Jan 2020
Himachal Pradesh Forecast: तापमान पहुंचा -15 डिग्री सेल्सियस

हिमाचल प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में भारी बर्फबारी के चलते तापमान में खासी गिरावट आई है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक रविवार को तापमान लाहौल-स्पीति -15 डिग्री, कल्पा में -8 डिग्री, डलहोजी में -2.4 डिग्री, मनाली में -4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

11:32 (IST)19 Jan 2020
हिमस्खलन की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर और कड़े हो गए हैं। शनिवार को प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे जनजीवन खासा प्रभावित हुआ है। वहीं, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने प्रदेश के पांच जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। एसडीएमए ने कुल्लू, लाहुल स्पीति, चंबा, किन्नौर और शिमला जिले के लिए हिमस्खलन का अलर्ट जारी कर प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

10:34 (IST)19 Jan 2020
कोहरे का असर, 17 ट्रेनें चल रही देरी से

रविवार को कुल 17 ट्रेनें (Trains) देरी से चल रही है। इलाहाबाद-आनंद विहार हमसफर एक्सप्रेस 2.15 घंटे लेट है। वाराणसी-न्यू दिल्ली काशी विश्वनाथ 3.30 लेट है। कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस 2.15 घंटे देरी से चल रही है।

10:31 (IST)19 Jan 2020
उत्तर भारत के मौसम का हाल जानिए

जम्मू-कश्मीर और इसके आस पास बना पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ने लगा है। लेकिन मौसम विभाग की मानें तो 20 से 21 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ फ‍िर से सक्रिय होगा जिससे उत्‍तर भारत में मौसम एकबार फ‍िर करवट ले सकता है। वहीं मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी एजेंसी स्‍काइमेट वेदर की मानें तो अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में छिटपुट जगहों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

10:29 (IST)19 Jan 2020
हिमाचल प्रदेश के मौसम का हाल जानिए

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर के कुछ इलाकों में बर्फबारी की वजह से ठंड और बढ़ गई है। बिहार, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश होने के साथ ही उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर का कहर जारी है।

08:59 (IST)19 Jan 2020
दिल्ली-एनसीआर के मौजूदा मौसम का हाल जानिए

दिल्‍ली-एनसीआर में रविवार की सुबह काफी ठिठुरन भरी हुई है। ठंडी हवाओं ने दिल्‍ली-एनसीआर के लोगों को ठंड के बढ़ने का एहसास करा दिया है। हालांकि मौसम साफ है और घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिल्‍ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद में मौसम साफ है। हालांकि ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है। दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई जा रही है।

07:30 (IST)19 Jan 2020
वीडियो के जरिए जानिए देशभर के मौसम का हाल