Weather forecast Today News Updates: दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में कुछ जगहों पर बारिश होने के चलते मौसम खुशनुमा हो गया है। तापमान में गिरावट आयी है और उमस से भी लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने विदर्भ, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात, असम, मेघायल में भारी बारिश का अनुमान जताया है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, शनिवार को गुजरात के भुज, द्वारका, राजकोट, वडोदरा, पोरबंदर में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। बता दें कि शुक्रवार को राज्य के नलिया, द्वारका, वलसाड, सूरत, कांडला, राजकोट और पोरबंदर में अच्छी बारिश हुई थी।

मुंबई के कोलाबा पर्यवेक्षक ने शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। हालांकि यह आंकड़ा सांता क्रूज केंद्र द्वारा दर्ज बारिश के आंकड़े की तुलना में ज्यादा है।भारतीय मौसम विभाग के प्रमुख जनसंपर्क अधिकारी विश्म्बर सिंह ने कहा, ‘‘शहर में और आसपास के इलाकों में अगले दो दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।’’ मौसम विभाग ने इस अवधि के दौरान बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।इस बीच, मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे की मुख्य और पश्चिमी लाइनों पर शनिवार को ट्रेनें निर्धारित समय पर चली। कोई अप्रिय घटना भी दर्ज नहीं की गई है।

वहीं,उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के टिमटिया गांव में बादल फटने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई और उनके परिवार की दो महिलाएं घायल हो गईं। पिथौरागढ़ के जिला मजिस्ट्रेट वी के जोगडांडे ने बताया कि टिमटिया गांव में बादल फटने के बाद आयी भारी बारिश के कारण देर रात करीब दो बजकर 40 मिनट पर राम ंिसह का घर डूब गया जिससे 60 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और धानी देवी (55) तथा चंद्रा देवी (70) घायल हो गईं।
उन्होंने बताया कि पुलिस, राज्य आपदा त्वरित बल और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया।

Live Blog

20:20 (IST)07 Sep 2019
उत्तराखंड में बादल फटा

उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के टिमटिया गांव में बादल फटने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई और उनके परिवार की दो महिलाएं घायल हो गईं। पिथौरागढ़ के जिला मजिस्ट्रेट वी के जोगडांडे ने बताया कि टिमटिया गांव में बादल फटने के बाद आयी भारी बारिश के कारण देर रात करीब दो बजकर 40 मिनट पर राम सिंह का घर डूब गया जिससे 60 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और धानी देवी (55) तथा चंद्रा देवी (70) घायल हो गईं।उन्होंने बताया कि पुलिस, राज्य आपदा त्वरित बल और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया।

19:37 (IST)07 Sep 2019
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

नागपुर के जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग ने नागपुर और विदर्भ रीजन में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते यातायात प्रभावित रहने के भी आसार है।

18:17 (IST)07 Sep 2019
मुंबई में भारी बारिश की संभावना

मुंबई के कोलाबा पर्यवेक्षक ने शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। हालांकि यह आंकड़ा सांता क्रूज केंद्र द्वारा दर्ज बारिश के आंकड़े की तुलना में ज्यादा है।भारतीय मौसम विभाग के प्रमुख जनसंपर्क अधिकारी विश्म्बर सिंह ने कहा, ‘‘शहर में और आसपास के इलाकों में अगले दो दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।’’

16:10 (IST)07 Sep 2019
इन राज्य के लोगों को समुद्र तट से दूर रहने की चेतावनी

देश के तटीय इलाकों जैसे गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडीशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवा चलने की उम्मीद है।ऐसे में इन इलाकों में मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी दी गई है।

15:16 (IST)07 Sep 2019
नोएडा में बारिश से तापमान में आयी गिरावट

दिल्ली से सटे नोएडा में कुछ जगहों पर हुई बारिश के बाद शहर का मौसम सुहाना हो गया है। तापमान में गिरावट आयी है और उमस से भी लोगों को राहत मिली है। शहर के आसमान में अभी भी बादल छाए हुए हैं।

14:15 (IST)07 Sep 2019
कोंकण, गोवा में भारी बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि कोंकण और गोवा में भारी बारिश होने का अनुमान है। इनके अलावा महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना में भी तेज बारिश होने के आसार हैं।

12:39 (IST)07 Sep 2019
नागपुर में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को महाराष्ट्र के नागपुर में भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुमान के बाद शनिवार को नागपुर में होने वाले पीएम मोदी के कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया है। 

12:35 (IST)07 Sep 2019
छत्तीसगढ़ के रायपुर में भारी बारिश के बाद जलभराव

छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर में हुई भारी बारिश के बाद लोगों को जलभराव की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। शहर के कई इलाकों में पानी भर जाने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

11:33 (IST)07 Sep 2019
दिल्ली-एनसीआर में मौसम रहेगा शुष्क, बढ़ेगी उमस

दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और फिलहाल यहां बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में लोगों को अभी गर्मी और उमस से जूझना पड़ेगा। दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान में भी मौसम गर्म रहेगा और फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं।

10:33 (IST)07 Sep 2019
उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते 2 लोगों की मौत

उत्तराखंड में जारी भारी बारिश के चलते 3 बिल्डिंग धराशायी हो गई, जिससे मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई।

10:20 (IST)07 Sep 2019
कर्नाटक के तटीय और केरल के कुछ इलाकों में आज बारिश के आसार

मानसून की ट्रफ रेखा कर्नाटक से केरल की तरफ जा रही है। जिसके चलते कर्नाटक के तटीय इलाकों और केरल के कुछ भागों में बारिश का अनुमान है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। बेंगलुरू और चेन्नई में मौसम शुष्क रहेगा।

09:30 (IST)07 Sep 2019
दिल्ली में उमस और गर्मी से लोग परेशान

दिल्ली में इस बार मानसूनी बारिश औसत से कम रही। जिसके चलते उमस और गर्मी से लोग खासा परेशान रहे। अभी भी दिल्ली का मौसम शुष्क बना हुआ है और लोगों को अभी और गर्मी झेलनी पड़ेगी।

08:47 (IST)07 Sep 2019
इन शहरों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, नागपुर, चंद्रपुर, अमरावती, होशंगाबाद, बेतुल, खंडवा, खरगोन, इंदौर, द्वारका, पोरबंदर, सूरत, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और कोटा आदि शहरों में आज मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। मुंबई में भी आज हल्की बारिश हो सकती है।

07:50 (IST)07 Sep 2019
विदर्भ समेत ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की आशंका

मध्य भारत में चक्रवाती हवाओं का असर दिख रहा है, जिसके चलते ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार हैं। वहीं विदर्भ में भारी से बेहद भारी बारिश की आशंका जतायी गई है।

07:44 (IST)07 Sep 2019
छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों ने बताया कि जगदलपुर में गुरूवार रात आठ बजे से आज सुबह आठ बजे के दौरान 288.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी है। मौसम विभाग ने राज्य के बस्तर, रायपुर और दुर्ग संभाग में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है तथा बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के लिए कहा गया है।