Weather forecast Alert Today India Updates: मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आज जम्मू कश्मीर, हिमाचल और पंजाब में एक पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। जिसके चलते इन राज्यों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में बाढ़ की वजह से पिछले छह दिन से बंद मुम्बई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग को पानी घटने के बाद सोमवार को खोल दिया गया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। छह लेन के राष्ट्रीय राजमार्ग 4 पर शिरोली पुल से एक लेन के माध्यम से कोल्हापुर और बेलगाम के बीच यातायात को चालू कर दिया गया। पिछले हफ्ते बाढ़ में इस व्यस्त राजमार्ग के डूब जाने के बाद हजारों वाहन फंस गए थे।

उत्तरी बंगाल में चक्रवाती हवाएं चल रही हैं, जिनसे बंगाल और आसपास के इलाकों में बारिश के आसार हैं। इन चक्रवाती हवाओं के चलते जिन राज्यों में बारिश हो सकती है, उनमें ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार शामिल हैं। इन राज्यों में गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत का केरल राज्य बीते कई दिनों से भारी बारिश से जूझ रहा है। इसके चलते केरल में हालात काफी खराब हैं और वहां लैंड स्लाइड और अन्य बारिश जनित कारणों से कई लोगों की मौत हो चुकी हैं। अब स्काइमेट की एक रिपोर्ट के अनुसार, केरल में आज भी बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं और दक्षिण भारत में बने एक मानसून टर्फ के कारण केरल में आज भी भारी बारिश की संभावना है।

Live Blog

Highlights

    16:14 (IST)12 Aug 2019
    मध्य प्रदेश में शुष्क रहेगा मौसम

    मध्य प्रदेश के दक्षिण पूर्वी और उत्तर पश्चिमी भागों में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। बाकी जगहों पर उमस का माहौल रहेगा।

    15:42 (IST)12 Aug 2019
    सांगली और कोल्हापुर में सादगी से मनी ईद

    सांगली और कोल्हापुर के मुसलमानों ने सोमवार को ईद उल अजहा बिल्कुल सादगी से मनाने और बाढ़ प्रभावितों को दान करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा था कि हर बाढ़ प्रभावित परिवार को पांच-पांच हजार रुपये नकद दिए जाएंगे और बाकी वित्तीय सहायता उनके बैंक खातों में पहुंचायी जाएगी।

    14:36 (IST)12 Aug 2019
    दिल्ली एनसीआर में सोमवार सुबह हुई बारिश

    दिल्ली एनसीआर के कुछ इलाकों में सोमवार सुबह हल्की बारिश देखने को मिली। बारिश के चलते मौसम खुशनुमा हो गया है। हालांकि मौसम में अभी भी उमस बनी हुई है। आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावनाएं हैं।

    13:49 (IST)12 Aug 2019
    महाराष्ट्र में बाढ़ प्रभावित 4 लाख लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया

    महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से अबतक चार लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उनके अनुसार 69 तहसील में 761 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। पश्चिमी महाराष्ट्र में बाढ़ की स्थिति में सुधार लाने के लिए कर्नाटक में कृष्णा नदी पर अलमाटी बांधी से पांच लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। अधिकारी ने बताया कि सतारा में कोयना बांध से 53,882 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है क्योंकि उसके तटबंधीय क्षेत्र में अब भी बारिश हो रही है। 

    13:25 (IST)12 Aug 2019
    Siliguri Weather: सोमवार रात को हो सकती है बारिश

    Siliguri Weather: सिलिगुड़ी में फिलहाल धूप खिली है और अभी तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस है जो कि अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हालांकि आज रात में सिलिगुड़ी में बारिश होने की संभावना है।

    12:46 (IST)12 Aug 2019
    Karnataka Weather: कर्नाटक में होगी हल्की बारिश

    Karnataka Weather: कर्नाटक में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं तमिलनाडु और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी आज हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि चेन्नई और बेंगलुरू का मौसम गर्म और शुष्क ही बना रहेगा।

    12:23 (IST)12 Aug 2019
    Kolkata Weather: कोलकाता में आज बारिश और तूफान आ सकता है

    Kolkata Weather: कोलकाता में अभी बारिश हो रही है। एक्यूवेदर की एक रिपोर्ट के अनुसार, कोलकाता में आज तूफान आने की भी संभावना है। तूफान के साथ ही बारिश के भी आसार हैं।

    11:57 (IST)12 Aug 2019
    Guwahati Weather: आज शाम होगी गुवाहटी में भारी बारिश, चलेंगी तेज हवाएं

    Guwahati Weather: असम की राजधानी गुवाहटी में सोमवार शाम को हल्की से तेज बारिश की संभावना है। यह बारिश सोमवार शाम से शुरू होकर मंगलवार दोपहर तक जारी रह सकती है। इस दौरान गुवाहटी में तेज हवाएं भी चलेंगी।

    11:29 (IST)12 Aug 2019
    महाराष्ट्र, तमिलनाडु में भी कई स्थानों पर हो सकती है बारिश

    स्काइमेट की एक रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई का मौसम गर्म ही बना रहेगा। 

    11:05 (IST)12 Aug 2019
    इन जगहों पर आज हो सकती है भारी बारिश

    भारतीय मौसम विभाग ने अपने एक बयान में कहा है कि देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

    10:46 (IST)12 Aug 2019
    रेलवे ने दी राहत, राहत सामग्री की ढुलाई का किराया किया माफ

    रेलवे ने कर्नाटक, महाराष्ट्र और केरल में राहत सामग्रियों की ढुलाई पर किराया माफ करने की घोषणा की है। इन राज्यों में दस लाख से अधिक लोगों को बाढ़ की विभीषिका से बचाने के लिए उनके घरों से अन्यत्र ले जाना पड़ा। रेलवे बोर्ड के उप निदेशक (यातायात वाणिज्यिक) महेंद्र सिंह ने सभी रेल महाप्रबंधकों को भेजे पत्र में कहा, " देश के सभी सरकारी संगठन अब कर्नाटक, केरल और महाराष्ट्र मुफ्त में राहत सामग्री ले जा सकते हैं, अन्य संगठन, जिन्हें संभागीय रेल प्रबंधक सही समझते हों, भी इस प्रावधान का लाभ उठा सकते हैं।"

    09:51 (IST)12 Aug 2019
    बारिश और बाढ़ के चलते दक्षिण और पश्चिम भारत में 183 लोगों की मौत

    बारिश से बेहाल दक्षिण और पश्चिम भारत को रविवार को भी कहीं से कोई राहत नहीं मिली और केरल में जहां 72 लोगों की मौत हुई है वहीं कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश और बाढ़ के कारण 111 लोगों की जान चली गयी है। इस तरह भारी बारिश और बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या 183 तक पहुंच गई है।

    09:31 (IST)12 Aug 2019
    राहुल गांधी ने केरल में बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा

    कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने जिले में बाढ़ राहत शिविरों का दौरा किया और वहां रूके हुए लोगों से बातचीत की। वह कवलाप्पाडा भी गए। मलप्पुरम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का का कहना है कि आठ अगस्त को हुए भूस्खलन के बाद कवलाप्पाडा से अभी तक 11 शव निकाले गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक 50 शवों के मलबे और मिट्टी के भीतर फंसे होने की आशंका है।

    09:10 (IST)12 Aug 2019
    सेना, नौसेना, एनडीआरएफ और स्थानीय मछुआरे बचाव कार्यों में जुटे

    रविवार सुबह आठ बजे तक कोझिकोड के वडकारा में सर्वाधिक 21 सेंटीमीटर वर्षा हुई। त्रिशूर के कोडंगल्लूर में में 19.9 सेंटीमीटर और मलप्पुरम के पेरिंथलमन्ना में 13.8 सेंटीमीटर बारिश हुई। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि बड़े बांधों में जलस्तर अभी चिंता का विषय नहीं है। सबसे अधिक प्रभावित वायनाड में बृहस्पतिवार को बड़ा भूस्खलन हुआ था और आठ व्यक्ति अब भी लापता हैं। उनकी तलाश जारी है। विभिन्न स्थानों पर सेना, नौसेना, तटरक्षक, एनडीआरएफ, पुलिस, स्वयंसेवक और मछुआरे बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।

    08:47 (IST)12 Aug 2019
    केरल में बाढ़ के चलते 72 लोगों की मौत और 58 लापता

    केरल में 2.51 लाख से अधिक लोगों ने 1,639 राहत शिविरों में शरण ली है। राज्य सरकार की ओर से रविवार शाम सात बजे जारी बयान के अनुसार, बारिश और बाढ़ ने अभी तक 72 लोगों की जान ली है जबकि 58 लोग अब भी लापता हैं। कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को उड़ान परिचालन बहाल हो गया। रनवे पर पानी भर जाने के कारण हवाई अड्डा दो दिनों से बंद था। मौसम विभाग ने भारी वर्षा के अनुमान के मद्देनजर कन्नूर, कसारगोड और वायनाड के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

    08:17 (IST)12 Aug 2019
    कर्नाटक की सभी नदियां उफान पर, हालात चिंताजनक

    दक्षिण भारत के राज्य कर्नाटक में सभी नदियां उफान पर हैं। बेल्लारी जिले में तुंगभद्रा नदी के तट पर स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर हम्पी रविवार की सुबह एक जलाशय से 1.70 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद डूब गया। अधिकारियों के अनुसार हम्पी से पर्यटकों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। कर्नाटक में अप्रत्याशित बाढ़ के चलते पिछले हफ्ते से अब तक 40 लोगों की जान चली गयी और 17 जिलों के 80 तालुकों में चार लाख लोग विस्थापित हो गये।