Weather forecast: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में आज हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग के एक वैज्ञानिक ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ‘समान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। आज कुछ जगह हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।’

वहीं मध्य भारत पर बना हुआ सिस्टम अब आगे बढ़ते हुए कमजोर हो गया है। कम दबाव के चलते यह सिस्टम कच्छ और गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इन भागों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। खासकर भुज, नलिया, द्वारका, पोरबंदर, वेरावल, कांडला और राजकोट में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा सूरत, अहमदाबाद, वडोदरा, मुंबई और ठाणे सहित गुजरात के पूर्वी भागों और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है।

मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक मध्य प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों और महाराष्ट्र के आंतरिक भागों में बारिश की गतिविधियां इस दौरान काफी कम हो जाएंगी। इन भागों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की उम्मीद है। वहीं छत्तीसगढ़ में भी लगभग सभी स्थानों पर मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि एक दो स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है।

Live Blog

18:08 (IST)10 Aug 2019
बाढ़ प्रभावित वायनाड का दौरा करेंगे राहुल

कांग्रेस नेता राहुला गांधी रविवार (11 अगस्त 2019) को बाढ़ प्रभावित अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा करेंगे। मालूम हो कि केरल में बारिश और बाढ़ से मची तबाही में अब तक 42 लोगों की मौत हो चुकी है।

17:09 (IST)10 Aug 2019
मुंबई में डब्बावाला असोसिएशन ने बढ़ाया मदद का हाथ

मुंबई में डब्बावाला असोसिएशन ने और मुबंई रोटी बैंक बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। दोनों मिलकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में खाने-पीने की चीजें भेजी जा रही है।

16:24 (IST)10 Aug 2019
हसूर गांव में एनडीआरएफ की टीम का राहत और बचाव का काम जारी

महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित हसूर गांव में एनडीआरएफ की टीम का राहत और बचाव का काम जारी है। बता दें कि लगातार हो रही बारिश के बाद नदियां उफान पर हैं जिसके चलते नदी का पानी गांव में घुस चुका है।

15:37 (IST)10 Aug 2019
हसूर और नृसिंहवाड़ी में बाढ़ का पानी चारों तरफ फैला

महाराष्ट्र के कोलापुर जिले के हसूर और नृसिंहवाड़ी में बाढ़ का पानी चारों तरफ फैल चुका है। इसकी वजह से स्थानीय लोगों का जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित है।


14:55 (IST)10 Aug 2019
ओडिशा में रविवार से हो सकती है बारिश

ओडिशा में कुछ समय तक बारिश रुकने के बाद रविवार से राज्य में फिर से वर्षा होने की संभावना है। यहां मौसम विज्ञान विभाग केंद्र के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सोमवार तक फिर से निम्न दबाव वाला क्षेत्र बनने की संभावना है जिससे ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग तीव्रता की बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि मयूरभंज, क्योंझोर, सुंदरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल, जाजपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़ और केंद्रपाड़ा जैसे जिलों में रविवार को भारी बारिश होने की संभावना है।

13:28 (IST)10 Aug 2019
चार राज्यों में राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की 83 टीमें भेजी गईं

गृह मंत्रालय ने बताया कि बाढ़ प्रभावित चार राज्यों महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक और गुजरात में राहत और बचाव कार्यों के लिये राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की लगभग 83 टीमें भेजी गई हैं। मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ के हालात और उनसे निपटने के लिये केन्द्रीय मंत्रालयों तथा एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। एनडीआरएफ के महानिदेशक ने बैठक में बताया कि एनडीआरएफ की 83 टीमों ने सभी जरूरी उपकरणों के साथ चारों बाढ़ प्रभावित राज्यों के संवेदनशील इलाकों में मोर्चा संभाल लिया है।

12:18 (IST)10 Aug 2019
दिल्ली में सुबह छाए बादल, दिन में हल्की बारिश की संभावना

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह बादल छाने के साथ ही न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम का सामान्य तापमान है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 81 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक ने दिन में हल्की बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। उन्होंने कहा, ‘‘आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। आज कुछ जगह हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।’’ शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

11:22 (IST)10 Aug 2019
शुक्रवार को कैसा था केरल, महाराष्ट्र और कर्नाटक के मौसम का हाल, जानिए

केरल, महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित कई राज्यों में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक केरल, महाराष्ट्र, गोवा, मध्यप्रदेश, कर्नाटक और राजस्थान में अगले 24 घंटे में भारी से काफी बारिश होने की संभावना है। केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने कहा कि पिछले तीन दिनों में बारिश जनित घटनाओं में 28 लोगों की मौत हो गई। केरल में बारिश ने इस वर्ष भी कहर ढाया है। उन्होंने कहा कि वायनाड और मलप्पुरम में भूस्खलन के कारण मलबे में कम से कम 40 लोगों के फंसे होने की आशंका है। राज्य में रेल, सड़क और हवाई यातायात प्रभावित है और कई रेलगाड़ियों को रद्द करना पड़ा और कोच्चि हवाई अड्डे के करीब 60 फीसदी हिस्से में जलभराव के कारण यह 11 अगस्त तक बंद है।

09:42 (IST)10 Aug 2019
बाढ़ राहत कार्य के लिए महाराष्ट्र में कांग्रेस के सांसद, विधायक वेतन दान करेंगे

महाराष्ट्र में कांग्रेस के सांसद और विधायक राज्य में बाढ़ राहत कार्यों के लिए एक महीने का अपना वेतन दान में देंगे। पार्टी ने यह जानकारी दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने सांगली, कोल्हापुर और सतारा के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के बाद यह घोषणा की। उनके साथ विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वाडेतिवर और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विश्वजीत कदम भी मौजूद थे।

09:20 (IST)10 Aug 2019
भारी बारिश के चलते मध्य प्रदेश में भदभदा बांध के दो गेट खोले गए

09:13 (IST)10 Aug 2019
केरल के मौसम का हाल भी जानिए

केरल के कोट्टायम में भारी बारिश के बाद इलाकों में चारों तरफ लबालब पानी भर गया। बता दें कि प्रदेश में इस सीजन में हुई भारी बारिश और बाढ़ के चलते अभी तक 42 लोगों की मौत हो चुकी है।

08:34 (IST)10 Aug 2019
बिहार-झारखंड के मौसम का हाल भी जानिए

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी में भारत में बिहार के पूर्वी हिस्सों और झारखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है। अनुमान के मुताबिक कोलकाता में हल्की जबकि रांची, पटना, नवादा, नालंदा, भागलपुर में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है।

08:12 (IST)10 Aug 2019
आंध्र प्रदेश- दक्षिणी तेलंगाना-तटीय तमिलनाडु के मौसम का हाल भी जानिए

आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्सों और तटीय तमिलनाडु और दक्षिणी तेलंगाना के क्षेत्रों में करीब-करीब सभी स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा। उत्तरी तेलंगाना में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है।

07:45 (IST)10 Aug 2019
कर्नाटक-केरल-तमिलनाडु में आज कैसा रहेगा मौसम, जानिए

आज दक्षिण भारत के मौसम में बदलाव का अनुमान है। मानसूनी बारिश के चलते तटीय कर्नाटक और केरल के लोगों को बड़ी राहत मिलने का अनुमान है। इन भागों में एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा आंतरिक कर्नाटक और केरल व इससे सटे तमिनलाडु के भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।