Weather forecast Today India LIVE Updates: देश के बाढ़ प्रभावित चार राज्यों केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात में मृतकों की संख्या बढ़कर अब 225 हो गई है। इनमें से केरल में अब तक 91 लोगों की मौत हुई है। राज्य में और बारिश होने का अनुमान है। हालांकि कर्नाटक और महाराष्ट्र में मौसम में सुधार हुआ है जिसके बाद बचाव एवं राहत अभियान तेज कर दिए गए हैं। ओडिशा में पिछले सप्ताह से भारी बारिश हो रही है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात देखे गए और आगामी दो दिनों में और बारिश होने की संभावना है।
केरल के अलावा, कर्नाटक में 54, महाराष्ट्र में 49 और गुजरात में 31 लोग बाढ़ और वर्षा जनित हादसों में मारे गए है। उत्तर प्रदेश में भी बारिश जनित घटनाओं में दो लोगों के मरने की खबर है जहां कई इलाकों में रातभर भारी बारिश हुई। केरल में एर्णाकुलम, इडुक्की और अलप्पुझा के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है क्योंकि राज्य के मध्य इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है।


मध्यप्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से आठ प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। राज्य में इस अवधि में औसतन 577.8 मिलीमीटर की सामान्य वर्षा के मुकाबले अब तक कुल 623.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। भारत मौसम केन्द्र भोपाल के मौसम वैज्ञानिक यू एम सरवेट ने बताया कि राज्य में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 8 फीसद अधिक वर्ष दर्ज की गयी है। अब तक कुल औसत 623.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है जबकि इसी अवधि में सामान्य औसत वर्षा 577.8 मिलीमीटर होती है। उन्होंने बताया कि राज्य में पूरे मानसून सीजन में 952 मिलीमीटर सामान्य बारिश का औसत है।
पश्चिमी महाराष्ट्र में बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित सांगली और कोल्हापुर जिलों की दो महत्वपूर्ण नदियों में जलस्तर कम होने से सोमवार को दोनों जिलों को बाढ़ से कुछ राहत मिली है। मौसम में सुधार के बाद वहां राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि राज्य के सांगली, कोल्हापुर, सतारा, पुणे और सोलापुर जिलों में बारिश और वर्षा जनित घटनाओं में पिछले आठ दिन में 43 लोगों की मौत हुई है जबकि तीन अन्य लोग अभी भी लापता हैं। सांगली जिले में सबसे ज्यादा 21 लोगों की मौत हुई है। इसबीच बाढ़ का पानी उतरने के बाद छह दिन से बंद मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग खुलने से ट्रक और अन्य वाहन चालकों को राहत मिली है। कोल्हापुर मं पानी उतरने के बाद राजमार्ग को आंशिक रूप से खोला गया हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिल्ली में बारिश का यह दौर अभी कई दिनों तक जारी रहेगा। अगले दो दिनों के दौरान तेज बारिश भी हो सकती है। साथ ही सप्ताह भर तक बादल और बारिश का यह दौर जारी रहेगा। बुधवार और बृहस्पतिवार को दिल्ली के कई हिस्सों में झमाझम बरसात होने की संभावना है।
पिछले सात दिन में नौसेना ने ‘वर्षा राहत’ अभियान के तहत महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित इलाकों से 14,000 लोगों को बचाया है। वहीं ओडिशा में लगातार बारिश के चलते बौध, बोलांगीर, कालाहांडी, कंधमाल और सोनपुर जिलों में कुछ जगहों पर पटरियों पर पानी भर जाने के कारण ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं।
कर्नाटक सरकार की ओर से जारी आधिकारिक अपडेट के अनुसार राज्य में बाढ़ एवं भारी बारिश से प्रभावित जिलों और जलाशयों में धीरे-धीरे जलस्तर घटने से स्थिति में सुधार हो रहा है। इसके अनुसार, ‘‘बाढ़ की स्थिति अब सामान्य हो रही है। बाढ़ प्रभावित जिलों में अब पानी धीरे-धीरे घटना शुरू हो गया है और बाढ़ की स्थिति में सुधार हो रहा है।’’ कर्नाटक सरकार ने स्वतंत्रता दिवस समारोह ‘‘सादे’’ तरीके से मनाने का फैसला किया है क्योंकि राज्य के अधिकतर हिस्से बाढ़ और लगातार बारिश से प्रभावित हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को मृतक संख्या बढ़कर 54 हो गई और करीब चार लाख लोगों को 1151 राहत शिविरों में रखा गया है।
तिरुवनंतपुरम में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक के संतोष ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र मजबूत होने से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है। राज्य सरकार के अपडेट के अनुसार आठ अगस्त से अब तक मरने वालों की संख्या 91 पहुंच गयी और इसमें और इजाफा होने की आशंका है क्योंकि 59 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित कोल्हापुर और सांगली जिलों में बचाव अभियान पूरा हो गया है। पानी घटने से अब प्रभावित लोगों को आवश्यक सामग्री की आपूर्ति करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी महाराष्ट्र के पांच जिलों में नौ दिनों में मृतक संख्या बढ़कर 49 हो गई है।