Weather forecast Report Today, Monsoon and Temperature 23 June, 2019 News Updates: दक्षिण पश्चिम मानसून मध्य महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, मराठावाड़ा के कुछ भाग, विदर्भ, कर्नाटक के बचे हुए भाग, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ के अधिकतर हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और गंगीय पश्चिम बंगाल और बिहार की तरफ आगे बढ़ गया है। बिहार की राजधानी पटना में भी बादल छाए रहेंगे। वहीं, मध्य प्रदेश के इंदौर में बारिश की वजह से लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 1-2 दिनों में मध्य अरब सागर, कोंकण के बाकी हिसों और महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और छत्तीसगढ़, उत्तरी अबर सागर के कुछ हिस्से, दक्षिणी गुजरात और मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मॉनसून की उत्तरी सीमा यानि NLM रत्नागिरी, कोल्हापुर, शिवमोग्गा, सलेम, कडलोर, कोलकाता और गंगटोक से होकर आगे बढ़ रही है।

Live Blog

Highlights

    22:20 (IST)23 Jun 2019
    बिहार में वज्रपात, आंधी-तूफान में 10 की मौत, मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में पिछले दो दिन में वज्रपात और आंधी-तूफान से 10 लोगों की मौत हो जाने पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार 21 जून और 22 जून को वज्रपात और आंधी-तूफान एवं वर्षा के दौरान खगड़िया और बांका में तीन-तीन, जमुई में दो, बक्सर और बेगूसराय में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी थी। मुख्यमंत्री कार्यालय से रविवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नीतीश ने आपदा में हताहत हुए लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को आपदा राहत कोष से तत्काल चार-चार लाख रुपये अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इस आपदा में घायल हुये लोगों को अनुमान्य अनुदान उपलब्ध कराने एवं उनके समुचित इलाज के प्रबंध करने के निर्देश दिये तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की ।

    16:34 (IST)23 Jun 2019
    इंदौर में बारिश, गर्मी से राहत

    मध्यप्रदेश के इंदौर में बारिश से सुढ़का तापमान, मौसम सुहाना।

    https://twitter.com/ANI/status/1142741565426683904

    14:53 (IST)23 Jun 2019
    कार्बेट प्रशासन की ढिकाला जोन में रात्रि विश्राम बंद करने की सिफारिश

    कार्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) प्रशासन ने वन्यजीवों, खासतौर पर बाघों के लिए खतरे को देखते हुए ढिकाला जोन में रात्रि विश्राम सुविधा को बंद किये जाने की सिफारिश की है। पार्क के कार्यकारी निदेशक संजीव चतुर्वेदी ने वन विभाग के शीर्ष अधिकारियों को लिखे एक पत्र में यह सिफारिश की है। चतुर्वेदी ने पत्र में लिखा है कि सीटीआर देश का एकमात्र ऐसा टाइगर रिजर्व है जो पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों को कोर एरिया में रात में रूकने की सुविधा प्रदान करता है । ढिकाला जोन रिजर्व के कोर क्षेत्र में आता है। पत्र में कहा गया है, ‘‘कोर क्षेत्र की संवेदनशीलता और वन्यजीवों खासतौर पर बाघों की सुरक्षा को देखते हुए कार्बेट को छोड़कर देश का कोई भी टाइगर रिजर्व अपने कोर क्षेत्र में रात्रि विश्राम की सुविधा नहीं देता ।’’

    14:10 (IST)23 Jun 2019
    पटना में आसमान में बादल छाए रहेंगे

    मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि रविवार को पटना के आसमान में बादल छाये रहने की संभावना है जबकि गया, भागलपुर और पूर्णिया में भी आसमान में बादल छाए रहने तथा गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

    12:48 (IST)23 Jun 2019
    बीते चौबीस घंटों में देश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश

    बीते 24 घंटों के दौरान यूपी के उत्तरी और पूर्वी भागों समेत छत्तीसगढ़, बिहार और मध्य महराष्ट्र के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिली है। पूर्वोत्तर राज्यों के अधिकांश भागों समेत, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, महारष्ट्र, केरल में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। वहीं तमिलनाडु, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, आंतरिक कर्नाटक, खाड़ी के द्वीप तथा लक्षद्वीप के कुछ स्थानों पर भी बारिश देखने को मिली है।

    12:09 (IST)23 Jun 2019
    25 जून को हो सकती है बारिश

    आमतौर पर मुंबई, कोलकाता, भुवनेश्वर में 10 जून के आसपास मॉनसून आ जाता है लेकिन 2019 में 25 जून से पहले इसके आने की संभावना नहीं है। 21-22 जून से महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओड़ीशा, दक्षिणी मध्य प्रदेश और बिहार में मौसम बदलेगा और 25 जून के आसपास इन भागों पर अच्छी बारिश के साथ मॉनसून के आगमन की पूरी संभावना है।

    11:22 (IST)23 Jun 2019
    हरियाणा और पंजाब में तापमान हल्का बढ़कर औसत से ऊपर पहुंचा

    हरियाणा और पंजाब में अधिकतम तापमान हल्का बढ़कर औसत से ऊपर पहुंच गया, जिससे इन दोनों राज्यों में गर्मी बढ़ गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने कहा कि दोनों राज्यों की सयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य सीमा से चार डिग्री अधिक है। हरियाणा के अंबाला में अधिकतम तापामन सामान्य से चार डिग्री अधिक 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नारनौल का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में भी तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रचंड गर्मी रही। पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में अधिकतम तापमान औसत से दो डिग्री अधिक 39 डिग्री सेल्सियस, जबकि पटियाला में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    10:38 (IST)23 Jun 2019
    जल्द होगी बारिश

    स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 2 से 5 दिनों के बीच मॉनसून कर्नाटक के कुछ हिस्सों, दक्षिणी कोंकण-गोवा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के बाकी भागों, पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा के कुछ हिस्सों में आ सकता है।

    10:13 (IST)23 Jun 2019
    रफ्तार पकड़ सकता है मानूसन

    दक्षिण-पश्चिम मानसून 2019 लंबे समय से दक्षिण भारत में डेरा जमाए हुए है। हालांकि स्थितियां अब बदली हुई दिखाई दे रही हैं क्योंकि बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है। इस सिस्टम के चलते मानसून रफ्तार पकड़ सकता है।

    09:41 (IST)23 Jun 2019
    गोवा में मानसून से राहत

    गोवा में दो दिन पहले दस्तक दे चुका दक्षिण-पश्चिम मॉनसून राज्य में गर्मी से कुछ राहत लेकर आया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने राज्य में अगले पांच दिनों तक ज्यादातर स्थानों पर मध्यम बारिश से लेकर बिजली कड़कने के साथ ही बारिश होने का अनुमान जताया है। इसने बताया कि मॉनसून के यहां पहुंचने के बाद अधिकतम तापमान में साफ तौर पर कमी आई है। आईएमडी ने कहा, ‘‘पणजी (उत्तरी गोवा) और मोरमुगावं (दक्षिण गोवा) में 28 डिग्री सेल्सियस का सबसे अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। लेकिन न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिला और यह उत्तरी एवं दक्षिणी गोवा जिलों में सामान्य रहा।’’ इसने बताया, ‘‘पणजी एवं मोरमुगावं में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।’’ मौसम विभाग ने उत्तरी एवं दक्षिणी गोवा जिलों के दूर-दराज स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।