Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को भी मौसम सुहाना रहा। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। कई जगह जलभराव की जवह से ट्रेफिक जाम लगा। वहीं पाकिस्तान द्वारा अपने क्षेत्र में सतलुज नदी जल प्रवाह को नियंत्रित करने वाले द्वार खोलने के चलते पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर के 17 गांवों में बाढ़ आ गयी है। पंजाब कृषि विभाग के एक अधिकारी के अनुसार राज्य में बाढ़ से लगभग चार हजार हेक्टेयर फसल नष्ट हो चुकी हैं। हाल में आयी बारिश और सतलुज नदी पर बने तटबंध टूटने के कारण फिरोजपुर के कई गांव पहले ही जलमग्न हैं।

फिरोजपुर के उपायुक्त चंदर गैंद ने कहा, ‘‘पाकिस्तान द्वारा कासुर इलाके में हेडवर्क्स (पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले) गेट खोलने से हमारी तरफ के 17 गांव प्रभावित हुए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान के कारखानों का प्रदूषित पानी भी नदी में गिर गया जो कैंसर का मुख्य कारण है।’’ गैंद ने कहा कि सेना और एनडीआरएफ की टीमें प्रभावित इलाकों में बचाव और पुनर्वास अभियान चला रही हैं।

यमुना नदी प्रयाग घाट (मथुरा) में खतरे के निशान को पार कर गयी है। मावी में इसका जलस्तर इस चिह्न के करीब आ चुका है। शारदा नदी पलियाकलां (लखीमपुर खीरी) में अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि शारदा नगर में यह लाल चिह्न के नजदीक बनी हुई है। घाघरा नदी एल्गिनब्रिज (बाराबंकी) में खतरे के निशान को एक बार फिर पार कर गयी है। वहीं, अयोध्या और तुर्तीपार में इसका जलस्तर इस निशान के नजदीक बना हुआ है।

इस बीच उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भारी बारिश से राहत मिलने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों के जीर्णोद्धार का काम प्राथमिकता पर है। जिले के मोरी ब्लॉक में सड़कों का नेटवर्क बादल फटने और भूस्खलन से प्रभावित हुआ था। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बुधवार से हल्की से मध्यम बारिश हुई।

Live Blog

22:14 (IST)23 Aug 2019
बारिश प्रभावित उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग

उत्तराखंड के बारिश प्रभावित उत्तरकाशी जिले में बचाव अभियान में शामिल एक हेलीकॉप्टर को शुक्रवार को लगवाड़ा में आपात लैंडिंग करनी पड़ी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विधि-व्यवस्था के महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि हेलीकॉप्टर के पायलट और सह-पायलट दोनों सुरक्षित हैं और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। उत्तरकाशी जिला मजिस्ट्रेट आशीष चौहान ने कहा कि निजी हेलीकॉप्टर एक नदी के तट पर उतरा। यह हेलीकॉप्टर बारिश से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री पहुंचाने के लिए चीवा जा रहा था। इस घटना से दो दिन पहले बाढ़ प्रभावित उत्तरकाशी जिले में राहत कार्यों में शामिल एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। बिजली के तारों में फंसने के चलते उसमें आग लग गई थी। इस घटना में हेलीकॉप्टर में सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी।

21:01 (IST)23 Aug 2019
दिल्ली में उमस भरी सुबह के बाद शाम को मौसम फिर सुहाना

दिल्ली में शुक्रवार की सुबह उमस भरी रही और शहर का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 78 प्रतिशत थी। मौसम कार्यालय ने हल्की बारिश होने या गरज के साथ आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया। कुछ हिस्सों हल्की बुंदाबांदी भी हुई जिसके बाद मौसम सुहाना हो गया।

19:46 (IST)23 Aug 2019
यूपी के इन इलाकों में कल भी जारी रहेगी बारिश

उत्तर प्रदेश के मध्य और पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर शनिवार (24 अगस्त 2019) को हल्की बारिश जारी रहेगी। पिछले कुछ दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिली है। मौसम पर नजर रखने वाली एक निजी वेबसाइट के मुताबिक राज्य के वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, बहराइच, हरदोई, फतेहपुर, गोरखपुर, बरेली और मेरठ में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है।

18:29 (IST)23 Aug 2019
दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहाना

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को भी मौसम सुहाना रहा। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। कई जगह जलभराव की जवह से ट्रेफिक जाम लगा।

17:27 (IST)23 Aug 2019
देश के पहाड़ी राज्यों में ऐसा रहेगा मौसम

देश के पहाड़ी राज्यों में अच्छी बारिश आगे भी जारी रहेगी। हालांकि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ स्थानों में मानसून कमजोर रहेगा। मौसम से जुड़ी एक निजी वेबसाइट ने यह जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश आगे भी जारी रहेगी। देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, शिमला, मनाली, लाहौल स्पीति और धर्मशाला में मानसून सक्रिय रहेगा।

16:40 (IST)23 Aug 2019
पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में मध्यम बारिश होने की आशंका

लखनऊ सहित पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में मध्यम बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही प्रयागराज, वाराणसी और कानपूर में भी अच्छी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम से जुड़ी एक निजी वेबसाइट ने यह जानकारी दी। वहीं वेबसाइट के मुताबिक उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तटीय ओडिशा के भागों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बन रहा है। इस वजह से इन क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है।

15:48 (IST)23 Aug 2019
इन राज्यों में अगले चार दिन अच्छी बारिश की संभावना

अगले चार दिनों के दौरान ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम पर नजर रखने वाली एक निजी वेबसाइट ने यह जानकारी दी। वहीं कोलकाता, पुरी और भुवनेश्वर सहित पश्चिम बंगाल और झारखंड में अच्छी बारिश जारी की संभावना है। वहीं वेबसाइट के मुताबिक बिहार में मॉनसून कमजोर रह सकता है।

15:04 (IST)23 Aug 2019
ओडिशा व अंडमान और निकोबार में भारी बारिश

ओडिशा में दक्षिण पश्चिम मानसून की बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के चंदबाली और पारादीप में भारी बारिश हुई। चंदबाली में 57 एमम जबकि पारादीप में 54 एमएम बारिश हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान देश भर में हुई बारिश के मामले में चंदबाली भारत में दूसरे स्थान पर रहा। जबकि पारादीप चौथे स्थान पर रहा।

14:22 (IST)23 Aug 2019
यूपी के वाराणसी में हुई सबसे अधिक बारिश

दक्षिण पश्चिम मानसून एक बार फिर से देश के अधिकांश हिस्सों में कमजोर हो गया है। हालांकि, देश के कुछ हिस्सों में अभी भी बारिश हो रही है। बीते 24 घंटों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश हुई। स्काइमेटवेदर.कॉम के अनुसार देशभर में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 66 एमएम बारिश उत्तर प्रदेश के वारणसी में दर्ज की गई।

13:50 (IST)23 Aug 2019
छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर बारिश का अनुमान

मध्यप्रदेश के पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है। स्काइमेटवेदर.कॉम के अनुसार राज्य के कई हिस्से में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इस कारण राज्य में कई स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

13:14 (IST)23 Aug 2019
सीएम योगी ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा

यूपी में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में नदियों की बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। केन्द्रीय  जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार गंगा नदी ने रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है। पिछले कई दिन से कछलाब्रिज (बदायूं) में कहर ढा रही यह नदी अब नरौरा (बुलंदशहर) के  साथ—साथ बलिया में भी खतरे के निशान को पार कर गयी है। फर्रुखाबाद और गाजीपुर में इसका जलस्तर लाल चिह्न के नजदीक पहुंच गया है। यमुना नदी प्रयाग घाट  (मथुरा) में खतरे के निशान को पार कर गयी है। मावी में इसका जलस्तर इस चिह्न के करीब आ चुका है। शारदा नदी पलियाकलां (लखीमपुर खीरी) में अब भी खतरे के  निशान से ऊपर बह रही है, जबकि शारदा नगर में यह लाल चिह्न के नजदीक बनी हुई है।

12:40 (IST)23 Aug 2019
राजस्थान का गंगानगर रहा सबसे गर्म

देश के अधिकतर हिस्सों में मानसून की बारिश हो रही है। इसके बावजूद मानसून के कमजोर पड़ने के कारण देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है।  कई राज्यों में पारा 35 से 40 डिग्री पहुंच रहा है। स्काइमेटवेदर.कॉम के अनुसार इस समय राजस्थान, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश तथा असम में अधिक गर्मी पड़ रही है।  शुक्रवार को राजस्थान में गंगानगर 39.9 डिग्री तापमान के साथ देश में सबसे गर्म इलाका रहा। वहीं, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में पारा 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा। देश के  सबसे अधिक गर्म शीर्ष 6 स्थानों में राजस्थान के गंगानगर के अलावा जैसलमेर, चुरू, बीकानेर और बाड़मेर रहे। त्रिपुरा के अगरतला में तापमान 37.2 दर्ज किया गया।

12:02 (IST)23 Aug 2019
मध्य प्रदेश में भारी बारिश के आसार

मानसून के रुख में अगले 24 घंटों में किसी भी तरह के बदलाव का अनुमान नहीं है। स्काइमेटवेदर.कॉम के अनुसार मध्यप्रदेश के इंदौर, उज्जैन, रतलाम में भारी बारिश के  आसार हैं। इसके अलावा बिहार, ओडिशा, और केरल में भी अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान है। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।

11:34 (IST)23 Aug 2019
गुजरात, महाराष्ट्र में बाढ़ के बाद राहत बचाव कार्य जारी

गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश के कारण आई बाढ़ के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। दक्षिण पश्चिम वायु कमान (एसडब्ल्यूएसी) द्वारा तैनात किये गए हेलीकाप्टरों  लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। बचाव अभियान गुजरात के नवसारी, सूरत, कच्छ, वडोदरा और  जामनगर जिलों में चलाये गए जबकि महाराष्ट्र में कोल्हापुर और सांगली जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को बचाया गया। सीडब्ल्यूएसी टीमों ने एनडीआरएफ को  महाराष्ट्र में फंसी महालक्ष्मी एक्सप्रेस तक पहुंचने में भी मदद की थी। एसडब्ल्यूएसी के हेलीकाप्टरों ने करीब 77 उड़ानें भरीं।

11:05 (IST)23 Aug 2019
उत्तराखंड के अराकोट से दो गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित निकाला

उत्तराखंड के अराकोट में बादल फटने की घटना के बाद प्रशासन ने दो गर्भवती महिलाओं को वहां से सुरक्षित निकालने में सफलता पाई है। इनमें से एक महिला का 8 व जबकि दूसरी 9 महीने का गर्भ है। सरकार ने इन दोनों को हेलीकॉप्टर से निकालकर देहरादून पहुंचाया। दोनों महिलाओं को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

10:34 (IST)23 Aug 2019
यूपी में अगले 4-5 दिन सक्रिय रहेगा मानसून

उत्तर प्रदेश में बारिश से जुड़े हादसों में लोगों की मौत रुकने का नाम नहीं ले रही  है। इस बीच आंचलिक मौसम केन्द्र के निदेशक जे.पी. गुप्ता के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्सों के अनेक इलाकों में तथा पश्चिमी भागों में कुछ स्थानों पर बारिश हुई। उन्होंने बताया कि आने वाले चार—पांच दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। हालांकि बहुत तेज बारिश नहीं होगी।

10:04 (IST)23 Aug 2019
उप्र में बाढ़ और वर्षाजनित हादसों में पांच मरे

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में नदियों की बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। पिछले 24 घंटों के दौरान बाढ़ और वर्षाजनित हादसों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गयी। बलिया में बाढ़ के पानी में डूबकर तीन लोगों की मौत हो गयी। वहीं, प्रतापगढ़ और भदोही में वर्षाजनित हादसों में दो अन्य लोग मारे गये।

09:37 (IST)23 Aug 2019
गुजरात और महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 300 लोगों को निकाला

दक्षिण पश्चिम वायु कमान (एसडब्ल्यूएसी) द्वारा तैनात किये गए हेलीकाप्टरों ने गुजरात और महाराष्ट्र में हाल की बाढ़ में फंसे बच्चों सहित करीब 300 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को दी। एसडब्ल्यूएसी के एक अधिकारी के अनुसार दोनों राज्यों में हेलीकाप्टर और विमान तैनात करने में त्वरित कार्रवाई से भारतीय वायुसेना को राहत और बचाव अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में मदद मिली।