Weather forecast, Monsoon, and Temperature: देश के अलग-अलग राज्यों में बीते 24 घंटों में मानसूनी बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दे दी। ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गोवा में बारिश हुई। लेकिन बारिश की वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावति है। विशेषकर मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में। लगातार हो रही बारिश की वजह से कई जगहों पानी भर गया है। बसों के रूटों को बदल दिया गया है।
वहीं मौसम पर नजर रखने वाली एक वेबसाइट के मुताबिक इस समय बारिश से देश भर में मॉनसून सिस्टम बन रहा है। मॉनसून, अरब सागर, मध्य प्रदेश और गुजरात के अन्य भागों की ओर बढ़ रहा है। मॉनसून की प्रगति अगले 2 दिनों तक स्थिर रहने की संभावना है। मानसून भारत के ज्यादात्तर राज्यों को को 1 से 3 जुलाई के बीच कवर कर सकता है।
Highlights
गुजरात के वडोदरा जिले के फतेहगंज इलाके में शुक्रवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि पांच अन्य घायल हो गये। ये सभी एक ही परिवार से थे। सरकारी एसएसजी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. देवेश्वर पांडे ने पीटीआई-भाषा को बताया कि घटना के वक्त नालसिंह जमालसिंह परमार (35) इलाके में स्थित पुराने डाक भवन के पास एक निर्माण स्थल पर मौजूद थे तभी वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गये।
बीते 24 घंटों के दौरान राजस्थान के मध्य भागों और पूर्वी हिस्सों में अच्छी बारिश की वजह से वजह कई इलाकों में पारे में कमी दर्ज की गई। राजस्थान के धौलपुर में मौसम ने जबरदस्त करवट ली है। यहां पर कई दिनों से लोग गर्म मौसम की मार झेल रहे थे। यहां बारिश के साथ-साथ तेज आंधी भी चली जिससे काफी नुकसान भी हुआ। कई पेड़ और बिजली के खंभे भी तेज हवाओं की वजह से गिर गए। स्काइमेट के मुताबिक अगले कुछ समय में बारिश का फैलाव बढ़कर राज्य के दक्षिणी जिलों जैसे कोटा, झालावाड़, चित्तौरगढ़, बूंदी, उदयपुर और बारां तक पहुंच जायेगा।
कई दिनों की देरी के बाद आखिरकार शुक्रवार को मानसून ने मुंबई में दस्तक दी और बारिश ने महानगर और उसके बाहरी इलाकों को सराबोर कर दिया। झमाझम बारिश से मौसम तो खुशनुमा हो गया, लेकिन सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में वित्तीय राजधानी में भारी वर्षा के कुछ दौर के साथ मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
पुणे और पालघर में जमकर बारिश हुई जिसकी वजह से इन जिलों में जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ। वहीं बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने बताया कि पिछले पांच घंटों में, उसके मौसम केन्द्र ने द्वीपीय शहर में औसतन 43.23 मिलीमीटर, पूर्वी उपनगरों में 64.14 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 78.21 मिमी बारिश दर्ज की है। वहीं दिल्ली एनसीआर में अभी भी बारिश का इंतजार जारी है। हालांकि दिल्ली में बादल छाए रहने के चलते लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। दिल्ली में आज का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में शुक्रवार को भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव होने से सामान्य जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सड़कों पर पानी भरने से लोगों एक जगह से दूसरी जगह जाने में परेशानी हो रही है।बारिश की वजह से जगह-जगह जाम लग रहा है। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी मॉनसून की पहली जोरदार बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले तीन से चार घंटे में मुंबई में इसी तरह की बारिश देखने को मिल सकती है।
महाराष्ट्र में पालघर के नजदीक एक गांव में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटना में आठ वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार को दोपहर पालघर जिले के विक्रमगढ़ तालुक के अंतर्गत ग्राम सतकोर में हुई। उन्होंने बताया कि जब बिजली गिरने की घटना हुई उस समय लड़का अपने घर के आंगन में खेल रहा था जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित की पहचान महेन्द्र बडगा के रूप में की गई है। कदम ने बताया कि मुंबई के नजदीक स्थित जिले में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई। स्थानीय पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का एक मामला दर्ज किया है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि 1 जुलाई को मानसून दिल्ली पहुंच सकता है और 15 जुलाई तक इसके पूरे देश में छा जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि इस बार मानसून के चलते सामान्य के मुकाबले 36% कम बारिश होगी। आंकड़ों के तहत इसके 86.3एमएम रहने की उम्मीद है, जबकि सामान्य तौर पर यह 135.6एमएम रहती है।
मानसून देश के दक्षिणी, सेंट्रल और पूर्वी हिस्सों में पहुंच चुका है और अब यह उत्तर की तरफ बढ़ रहा है। वहीं गोवा में गुरुवार से ही भारी बारिश हो रही है, जिसके रविवार तक जारी रहने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र के नासिक जिले में बारिश संबंधी घटनाओं में एक किशोरी सहित दो लोगों की मौत हो गई। जिले में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन भारी बारिश हो रही है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिम्पलास गांव की रहने वाली 18 वर्षीय एक लड़की रूपाली भोई की उस समय मौत हो गई जब बृहस्पतिवार शाम को उस पर आकाशीय बिजली गिर गई।अधिकारियों ने बताया कि दूसरी घटना में बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे शहर के मुंबई नाका इलाके में एक पान की दुकान के नजदीक 52 वर्षीय एक व्यक्ति पुवप्पा कलाल की करंट लगने से मौत हो गई।
गुजरात के सूरत, अहमदबाद, वलसाड में बारिश हो रही है। राज्य में मानसून के 4 जुलाई तक जोर पकड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के दक्षिणी और पश्चिम हिस्से में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में कई हिस्सों में अगले दो-तीन में बारिश होने का अनुमान है। बारिश का यह सिलसिला अगले कुछ दिन जारी रह सकता है। इससे पहले राज्य में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मुंबई में मानसून की बारिश शुरू हो गई है। बारिश की वजह से आर्थिक राजधानी की ट्रैफिक प्रभावित हो गया है। मुंबई के अंधेरी, घाटकोपर, पवई, धारावी समेत अलग-अलग इलाकों में बारिश से जलाभराव कि स्थिति पैदा हो गई है।
दिल्ली में आज गर्मी और उमस का माहौल है। हालांकि कई जगहों पर आसमान में बादल दिखाई दे रहे हैं।
देश के उत्तर पूर्वी राज्यों मेघालय, असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज भारी बारिश होने का अनुमान है। आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक के तटवर्ती इलाकों में भी आज बारिश हो सकती है।
गोवा के कई इलाकों में गुरुवार सुबह से ही भारी बारिश शुरु हो गई है। बताया जा रहा है कि इस तटवर्ती राज्य में रविवार तक बारिश का मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने को कहा है।