Weather Forecast:  दिल्ली में रविवार को बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक का कहना है दिल्ली में रविवार को बादल छाए रहने का अनुमान है। राजधानी में दोपहर में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना, बेतवा, घाघरा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इससे पहले रविवार को राजधानी के कई हिस्सों में बारिश हुई।

मौसम विभाग ने बताया कि बारिश के बाद राजधानी का तापमान सामान्य से कम रहा। दिल्ली में आद्रर्ता का स्तर 95 से 52 फीसदी के बीच रहा। राजधानी के सफदरजंग में 23 एमएम और पालम क्षेत्र में 32.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश में बारिश से जुड़े विभिन्न हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई है। राज्य के राहत आयुक्त जी एस प्रियदर्शी ने शनिवार को बताया कि बारिश से जुड़े विभिन्न हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हैं। ये सभी मौतें 20 सितंबर को हुई।

प्रियदर्शी ने बताया कि पीलीभीत, ललितपुर और कन्नौज में एक एक व्यक्ति की मौत सर्पदंश से हुई। इटावा में भी दो मौतें सर्पदंश से हुई। उन्होंने बताया कि चित्रकूट में आकाशीय बिजली गिरने से दो व्यक्तियों और सोनभद्र में एक व्यक्ति की मौत हो गई।