National News: दिल्ली में यमुना का जलस्तर दिल्ली में पुराना रेलवे पुल पर रात 10 बजे 208.05 मीटर दर्ज़ किया गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना में बढ़ते हुए जलस्तर के मद्देनजर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत जगह खाली करने की अपील की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में भी बारिश के चलते हालात गंभीर हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दिल्ली से पेरिस के लिए रवाना हुए। वे भारतीय समयानुसार शाम करीब 4 बजे पेरिस पहुंचेंगे जहां ओरली हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया जाएगा। आज शाम PM मोदी फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिज़ाबेथ बोर्न के साथ बैठक करेंगे। वहीं, भारतीय समयानुसार रात करीब 11 बजे भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं, ISRO कल चंद्रयान-3 को लॉन्च करेगा। 14 जुलाई की दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर चंद्रयान-3 को आंध्र प्रदेश के श्री हरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा।
देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए पढ़ें जनसत्ता.कॉम।
पिछले कुछ दिन में भारी बारिश के बाद पटरियों पर जलभराव के कारण सात जुलाई से 15 जुलाई के बीच 300 से अधिक मेल व एक्सप्रेस ट्रेन और 406 पैसेंजर ट्रेन रद्द कर दी गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि पटरियों पर पानी भरने की वजह से 600 से अधिक मेल/एक्सप्रेस ट्रेन, 500 पैसेंजर ट्रेन की सेवाएं प्रभावित हुईं।
अधिकारियों ने बताया इस क्षेत्र में सेवाओं का संचालन करने वाले उत्तर रेलवे ने करीब 300 मेल/एक्सप्रेस ट्रेन को रद्द कर दिया। 100 ट्रेन को बीच रास्ते में रोक दिया गया और 191 अन्य का मार्ग बदला गया। कुल 67 ट्रेन निर्धारित गंतव्य की जगह दूसरे स्थान से शुरू हुईं। उन्होंने बताया कि भारी जलभराव के कारण उत्तर रेलवे ने भी 406 पैसेंजर ट्रेन रद्द कीं, 28 ट्रेन के मार्ग बदले गए, 54 ट्रेन को बीच रास्ते में रोक दिया गया और 56 ट्रेन निर्धारित गंतव्य की जगह दूसरे स्थान से शुरू हुईं।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि बाढ़ से अब तक हिमाचल प्रदेश में 88 लोगों की जान जा चुकी है। सैंकडों सड़कें और पुल नष्ट हो गए हैं और लोगों की व्यक्तिगत संपत्तियों को भी नुकसान हुआ है। केंद्र सरकार की तरफ से प्रभावित राज्यों को लगभग 8,000 करोड़ रुपए की सहायता राशि दी गई है।
बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए नोएडा में भी स्कूलों बंद रखने का आदेश दे दिया गया है। जिलाधिकारी ने आदेश जारी कि शुक्रवार को गौतमबुद्ध नगर के कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।
दिल्ली हाई कोर्ट ने सिविल सेवा (मेंस) परीक्षा, 2023 के लिए आवेदन आमंत्रित करने संबंधी संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के फैसले पर रोक लगाने से बृहस्पतिवार को इनकार कर दिया। जस्टिस चंद्र धारी सिंह ने कुछ सिविल सेवा अभ्यर्थियों द्वारा दायर उस अर्जी को खारिज कर दिया, जिसमें परीक्षा के लिए यूपीएससी द्वारा 10 जुलाई, 2023 को जारी विस्तृत आवेदन पत्र-1 पर रोक लगाने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया था।
DDMA की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। दिल्ली के सभी स्कूलों और कॉलेजों को रविवार तक बंद करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा गैर जरूरी ऑफिसों में भी रविवार तक छुट्टी कर दी गई है। सभी प्राइवेट ऑफिस को कहा गया है कि वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा दें।
दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर में दोपहर 1 से 2 बजे के बीच कोई बदलाव दर्ज नहीं किया गया। वहीं, बाढ़ का पानी लाल किले तक पहुंच गया है।
अगले 24 घंटे दिल्ली के लिए भारी, देखें वीडियो
दिल्ली के मेटकाफ रोड स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर में बाढ़ का पानी घुस गया है। एमडी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि यहां भर्ती 40 मरीजों को एलएनजेपी अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा है, जिनमें से तीन वेंटिलेटर पर हैं। दिल्ली के ADCP अचिन गर्ग ने वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने और यमुना बैंक के पास निचले क्षेत्र के बचाव अभियान की समीक्षा करने के लिए यमुना बैंक क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कहा कि यहां पानी का स्तर काफी बढ़ गया है। फंसे हुए लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है। प्रशासन और NDRF की टीम मौके पर मौजूद है। 6 लोगों को हमने रेस्क्यू किया है। लोगों को समझाकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया रहा है।
डीडीएमए अधिकारी के अनुसार दिल्ली में रविवार तक गैर-जरूरी सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।
बिहार सरकार के ख़िलाफ़ भारतीय जनता पार्टी ने पटना में गांधी मैदान से 'विधान सभा मार्च' निकाला। मार्च के दौरान पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया।
उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में आग लग गयी। बिसरख थाना क्षेत्र के गौर सिटी 1 के गैलेक्सी प्लाजा में गुरुवार को आग लग गई।
उत्तर रेलवे ने बताया कि 7 तारीख से 13 तारीख के बीच 400 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा लगभग 600 ट्रेनें 6 दिनों के लिए रद्द कर दी गईं। पुराने यमुना ब्रिज पर नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है।
मध्य प्रदेश पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ग्वालियर के जय विलास पैलेस का दौरा किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उनका स्वागत किया।
बिहार विधानसभा में शिक्षकों की नियुक्ति का मुद्दा उठाने के बाद बिहार विधानसभा से भाजपा के दो विधायकों को मार्शल आउट किए जाने के बाद भाजपा विधायकों ने विधानसभा के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
DMRC ने ट्वीट किया, "यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। हालांकि इंटरचेंज सुविधा अभी भी उपलब्ध है और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।"
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वजीराबाद जल शोधन संयंत्र पहुंचे। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण प्लांट को फिलहाल बंद कर दिया गया है। सीएम ने कहा कि पहली बार दिल्ली में यमुना इस स्तर पर पहुंची है। अभी 3 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद हो गए हैं क्योंकि पानी मशीनों में घुस गया है। पानी कम होने के बाद मशीनों को सुखाया जाएगा। इससे दिल्ली का पानी करीब 25% कम हो जाएगा। दिल्ली में 1-2 दिन पानी की किल्लत रह सकती है। मुझे उम्मीद है कि कल शाम तक प्लांट शुरू हो जाएगा।
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद मयूर विहार फेज 1 के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने के कारण कई लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। लोगों ने फ्लाइओवर ने नीचे शरण ली है। लोगें को खाना वितरित किया जा रहा है।
दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के अनुसार आईपी फ्लाईओवर और चंदगी राम अखाड़े के बीच महात्मा गांधी मार्ग, कालीघाट मंदिर और दिल्ली सचिवालय के बीच महात्मा गांधी मार्ग, और वज़ीराबाद ब्रिज और चंदगी राम अखाड़े के बीच बाहरी रिंग रोड पर यातायात बाधित है। इसमें कहा गया है कि यात्रियों को इन मार्गों से बचने और अन्य मार्गों से यात्रा करने की सलाह दी जाती है।
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से आईटीओ के पास रिंग रोड में पानी भरने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद वज़ीराबाद के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके कारण यातायात प्रभावित हुआ।
गुजरात में जलस्तर बढ़ने के कारण गांधीनगर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, बाढ़ का पानी रोकने के लिए अस्थायी बांध बनाया गया।
दिल्ली के जिन इलाक़ों में पानी भर रहा है वहां पर सब सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद किया गया है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।
https://twitter.com/ArvindKejriwal/status/1679342521443581952
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने जानकारी दी कि उत्तराखंड के ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। आज भी राज्य में बारिश होगी। नैनीताल, देहरादून, पौड़ी गढवाल, हरिद्वार में भारी बारिश हो सकती है। राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कल भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में आज सुबह 7 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208.46 मीटर दर्ज किया गया। कल दोपहर 1 बजे नदी बाढ़ के उच्चतम रिकॉर्ड 207.49 मीटर को पार कर गयी।
दिल्ली में आज सुबह 7 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208.46 मीटर दर्ज किया गया। कल दोपहर 1 बजे नदी बाढ़ के उच्चतम रिकॉर्ड 207.49 मीटर को पार कर गयी।
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से रिंग रोड आईटीओ में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके कारण सड़क यातायात प्रभावित हुआ।
लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के चलते यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। दिल्ली के कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया।
हरियाणा में एक महिला ने जननायक जनता पार्टी (जजपा) के विधायक ईश्वर सिंह को बुधवार को उस समय थप्पड़ मार दिया, जब वह अपने निर्वाचन क्षेत्र गहुला में बाढ़ की स्थिति का जायजा ले रहे थे। इस कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। जजपा हरियाणा में भाजपा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है। महिला घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ने से निर्वाचन क्षेत्र के भाटिया गांव में बाढ़ की स्थिति पैदा होने से जाहिर तौर पर नाराज थी। सिंह ने बताया कि वह स्थिति का जायजा लेने गए थे, लेकिन छोटा बांध टूटने के कारण गांव में जलभराव से नाराज महिला और कुछ अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। विधायक ने कहा कि वह महिला के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
आंध्र प्रदेश: इसरो वैज्ञानिकों की एक टीम चंद्रयान-3 के मॉडल के साथ पूजा-अर्चना करने के लिए तिरुपति वेंकटचलपति मंदिर पहुंची। चंद्रयान-3 को कल (14 जुलाई) भारतीय समयानुसार दोपहर 2:35 बजे सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया जाएगा, इसरो ने घोषणा की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से पेरिस के लिए रवाना हुए। वे भारतीय समयानुसार शाम करीब 4 बजे पेरिस पहुंचेंगे जहां ओरली हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया जाएगा। भारतीय समयानुसार शाम लगभग 7:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी सीनेट पहुंचेंगे और सीनेट के अध्यक्ष गेराड लार्चर से मुलाकात करेंगे। भारतीय समयानुसार रात लगभग 8:45 बजे, PM मोदी फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिज़ाबेथ बोर्न के साथ बैठक करेंगे। वे भारतीय समयानुसार रात करीब 11 बजे प्रतिष्ठित ला सीन म्यूजिकल में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद लगभग भारतीय समयानुसार देर रात 00:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन द्वारा आयोजित एक निजी रात्रिभोज के लिए एलिसी पैलेस पहुंचेंगे।
दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में बुधवार को धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी। उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर बृहस्पतिवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की बैठक बुलाई है।
खतरे के निशान के ऊपर बह रही यमुना, पढ़ें पूरी खबर
यमुना के बढ़े जलस्तर पर सीएम केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस, देखें वीडियो- https://www.youtube.com/watch?v=lVHSO34aSHQ