Weather forecast, Monsoon, and Temperature: दिल्ली सरकार ने गर्मियों को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियों को एक सप्ताह तक के लिए बढ़ा दिया है। अब स्कूल 8 जुलाई को खुलेंगे।  सरकार का यह फैसला 8वीं क्लास तक के छात्रों पर लागू होगी। शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।

सिसोदिया ने ट्वीट मे ंलिखा, ‘दिल्ली में गर्म मौसम को देखते हुए स्कूलों में 8वीं क्लास तक के लिए गर्मी की छुट्टियाँ एक सप्ताह के लिए बढ़ाई जा रही हैं। 8वीं तक बच्चों के स्कूल अब 8 जुलाई से खुलेंगे। बाकी क्लास के लिए स्कूल अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खुलेंगे।’

इससे दिल्ली के लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के कई हिस्सों में एक बार फिर से गर्म हवाएं चल सकती है। दिल्ली में रविवार को अधिकतम पारा 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

इससे पहले शनिवार को दिल्ली के पालम में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पिछले सप्ताह बहुत हल्की बारिश के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। शहर में गर्म हवाएं चल रही हैं जबकि आद्रर्ता का स्तर भी बढ़ा है। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली वालों को 2 जुलाई के बाद ही गर्मी से राहत मिल सकती है।

 

Live Blog

Highlights

    22:06 (IST)30 Jun 2019
    बारिश की संभावना

    अगले 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम इलाके समेत गुजरात के तटीय भागों में भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

    21:48 (IST)30 Jun 2019
    हिमाचल में ओलावृष्टि

    हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि हुई है।हिमाचल के शैला गांव में ओलावृष्टि से टमाटर की फसल को नुकसान हुआ है।

    20:52 (IST)30 Jun 2019
    महाराष्ट्र में भारी बारिश

    महाराष्ट्र के जालना में बारिश के चलते एक सड़क बह गई। वहां पहले से काफी बारिश हो रही है। महाराष्ट्र में बारिश के चलते पहले ही चेतावनी जारी की है।

    18:11 (IST)30 Jun 2019
    बारिश के अनुमान

    पिछले 24 घंटों के दौरान वाराणसी, इलाहाबाद, लखनऊ, आगरा, मेरठ, फैजाबाद, बरेली, झांसी तथा गोरखपुर मण्डलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहा। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है।

    17:02 (IST)30 Jun 2019
    लखनऊ और अन्य जगह पर बारिश

    लखनऊ और उससे सटे बाराबंकी तथा आसपास के कुछ और इलाकों में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाये रहे। कुछ ही देर बाद शुरू हुई तेज हवा के साथ झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। खासकर बाराबंकी में मूसलाधार बारिश हुई।मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बाराबंकी में सबसे ज्यादा छह सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा काकरधारी घाट में पांच, नवाबगंज में चार, कैसरगंज के तीन, कर्तिनयाघाट और लखनऊ में दो-दो तथा पलियाकलां, मोहनलालगंज, महराजगंज और सहसवान में एक-एक सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी।हालांकि सुबह मिली राहत ज्यादा देर तक बरकरार नहीं रह सकी। दिन में धूप निकलने से लोगों को एक बार फिर उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।

    16:43 (IST)30 Jun 2019
    मौसम विभाग की चेतावनी

    पिछले 24 घंटों में, मुंबई के सभी क्षेत्रों में लगभग 200 मिमी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने मुंबई में आज (रविवार) भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सोमवार तक मुंबई में मूसलाधार बारिश जारी रहने की उम्मीद है।

    16:01 (IST)30 Jun 2019
    उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का एलान

    दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट के जरिये रविवार को इसका ऐलान किया। मनीष सिसोदिया ने अपने ट्विटर पर लिखा, 'दिल्ली में गर्म मौसम को देखते हुए स्कूलों में 8वीं क्लास तक के लिए गर्मी की छुट्टियां एक सप्ताह के लिए बढ़ाई जा रही हैं। 8वीं तक के बच्चों के स्कूल अब 8 जुलाई से खुलेंगे। बाकी क्लास के लिए स्कूल अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खुलेंगे।'

    13:44 (IST)30 Jun 2019
    पिछले 24 घंटे में देश में सबसे अधिक बारिश महाराष्ट्र के ठाणे में

    देश में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश महाराष्ट्र के ठाणे में दर्ज की गई। ठाणे में 177 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं राजस्थान के कोटा में 85 एमएम बारिश दर्ज की गई। देश के शीर्ष पांच बारिश वाले शहरों में पांच शहर महाराष्ट्र से हैं। स्काईमेट वेदर के अनुसार महाराष्ट्र के माथेरान, रत्नागिरी, महाबलेश्वर में भी क्रमशः 154 एमएम, 122 एमएम और 118 एमएम बारिश दर्ज की गई।

    12:16 (IST)30 Jun 2019
    दिल्ली में शाम को हो सकती है हल्की बारिश

    दिल्ली में रविवार शाम को हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा कि राजधानी में सुबह 8.30 बजे तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री अधिक था। वहीं राजधानी में आद्रर्ता का स्तर 42 फीसदी था। 

    11:30 (IST)30 Jun 2019
    हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ छींटे और ओलावृष्टि की आशंका

    मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में तीन जुलाई को गरज के साथ बौछारें पड़ने ताजा चेतावनी जारी की है। शनिवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 3 जुलाई को राज्य के मध्य पहाड़ी क्षेत्रों के कई हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग ने इस खतरे वाले मौसम को देखते हुए लोगों को येलो चेतावनी जारी की है। ऐसे मौसम की वजह से ‘ बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान होने की आशंका है।।

    10:52 (IST)30 Jun 2019
    ओडिशा में अगले तीन दिन भारी बारिश का अनुमान, 30 जिलों में चेतावनी जारी

    ओडिशा सरकार ने अगले तीन दिन में भारी बारिश के अनुमान के बाद राज्य के 30 जिलों को चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार असम, मेघालय, छत्तीसगढ़,केरल,उत्तरी आंतरिक कर्नाटक,अंडमान और निकोबार द्वीप, अरुणाचल प्रदेश और गोवा के अधिकतर स्थानों में बारिश हुई अथवा गरज के साथ छीटें पड़े। कोंकण ,गोवा और गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई।

    10:19 (IST)30 Jun 2019
    श्रीनगर में मौसम हुआ सुहाना

    जम्मू और कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में मौसम सुहावना बना हुआ है। यहां अधिकतर तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में लू की स्थिति बनी हुई है। यहां तापमान औसत से चार डिग्री अधिक 43.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया लेकिन बारिश नहीं हुई। भिवानी और नारनौल अत्यधिक गर्म स्थान रहे। यहां तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा अमृतसर में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

    09:48 (IST)30 Jun 2019
    यूपी में 24 घंटों के दौरान पूर्वी हिस्से में जबरदस्त लू और तपिश का प्रकोप

    उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बारिश का बेसब्री से इंतजार है। आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में कुछ स्थानों को छोड़कर बाकी जगह उमस भरी भीषण गर्मी पड़ रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर जबरदस्त लू और तपिश का प्रकोप रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के गोरखपुर और मेरठ मंडलों में दिन के तापमान में खासी बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी। इसके अलावा वाराणसी, फैजाबाद, इलाहाबाद, गोरखपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, बरेली, आगरा तथा मेरठ मण्डलों में यह सामान्य से काफी ज्यादा रहा।

    09:06 (IST)30 Jun 2019
    गुजरात के दक्षिण और मध्य जिलों में भारी बारिश का अनुमान

    राज्य के दक्षिण और मध्य जिलों में अगले दो दिन में भारी बारिश होने का अनुमान है। क्षेत्र में ऊपरी चक्रवात प्रवाह निर्मित हो रहा है। दक्षिण गुजरात में शनिवार को बेहद तेज वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के वलसाड,नवसारी, सूरत ,नर्मदा,छोटा उदेपुर और वडोदरा जिलों में अगले दो दिन में भारी बारिश की चेतावनी दी है। दक्षिण गुजरात क्षेत्र में ऊपरी चक्रवात प्रवाह निर्मित हो गया है।

    08:45 (IST)30 Jun 2019
    महाराष्ट्र, झारखंड में वर्षा जनित हादसों में 22 की मौत

    महाराष्ट्र और झारखंड में बारिश से जुड़ी दुर्घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई। वहीं, तेज गर्मी से बेहाल उत्तर भारत में मौसम शुष्क बना हुआ है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों के मुताबिक शहर के विभिन्न हिस्सों से शॉर्ट र्सिकट के 39, पेड़ उखड़ने या टहनियां गिरने की 104 घटनाएं सामने आईं हैं। पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने की दो घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई।

    08:05 (IST)30 Jun 2019
    3 जुलाई तक उत्तर पश्चिम-क्षेत्र के अधिकांश क्षेत्र में पहुंचेगा मानसून

    मानसून के 3 जुलाई तक उत्तर पश्चिम के अधिकांश क्षेत्र में पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग के निदेशक केजे रमेश ने बताया कि गत तीन-चार दिन से मानसून पूर्वी और मध्य भारत में सक्रिय है। अगले 24 घंटे में बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून को गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि 3 जुलाई को यूपी में मानसून सक्रिय होने की स्थिति में यह अगले दो से तीन दिन में दिल्ली भी पहुंच जाएगा।

    07:31 (IST)30 Jun 2019
    मुंबई में हाई टाइड की चेतावनी, 4 मीटर तक ऊंची लहने उठने का अनुमान

    मुंबई में लगातार दो दिन से हो रही बारिश के बाद रविवार को हाई टाइड की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर 10.26 बजे समुद्र में 4 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मौसम विभाग ने महानगर में दोपहर के बाद भारी बारिश का भी अनुमान व्यक्त किया है।