कर्नाटक में 9 महीने के तेंदुए को बाइक से बांध कर घसीटने का विचलित कर देने वाला एक मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक शख्स तेंदुए को बाइक के पीछे की तरफ बांधे हुए मोटरसाइकिल चलाता दिखाई दे रहा है। शख्स का नाम मुथु है, वह हसन जिले के बागिवलु गांव का रहने वाला है। उसका कहना है कि वह तेंदुए को वन विभाग के पास ले जा रहा था। वायरल हो रहे वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों में काफी गुस्सा दिखाई दे रहा है। प्रशासन का कहना है कि उसने ऐसा गलत इरादे से नहीं किया है। 

क्यों किया ऐसा? शख्स ने खुद दिया जवाब 

तेंदुए को बाइक से बांधने वाले शख्स मुथु ने कहा कि उसने ऐसा खेत में अपनी  सुरक्षा के लिए ऐसा किया है। ऐसे में तेंदुए को बांधने के लिए उसे मजबूर होना पड़ा। 

उसने बताया कि पहले उसने रस्सी का यूज़ करके तेंदुए को कंट्रोल किया और बाइक के पीछे बांध दिया और वन विभाग के कार्यालय की ओर बढ़ गया। तेंदुए को कंट्रोल करने के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की कि उसका कोई गलत इरादा नहीं था।

वन विभाग ने क्या कहा? 

वन विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “मुथु का कोई बुरा इरादा नहीं था। जिस तरह से उसने शावक को बांधा वो गलत था लेकिन ऐसा उसने किसी गलत इरादे नहीं बल्कि अपनी जान बचाने के लिए किया था।”

 वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ कमजोर था और वह नुकसान पहुंचाने वाला नहीं था। तेंदुए को चिकित्सा उपचार के लिए ले जाया गया और फिलहाल वह निगरानी में है। इस बीच इसी तरह के मामलों से निपटने के बारे में ज़्यादा से ज़्यादा  जागरूकता हासिल करने के लिए मुथु को परामर्श केंद्र भेजा गया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग शख्स पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।