मणिपुर में आगजनी (Violence in Manipur) की एक और घटना सामने आई है। राज्य की राजधानी इंफाल में सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग और उपभोक्ता मामलों के मंत्री एल सुसींद्रो मैतेई के एक निजी गोदाम में शुक्रवार रात आग लगा दी गई। यह हमला मणिपुर की स्थिति पर चर्चा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) अध्यक्षता में दिल्ली में होने वाली सर्वदलीय बैठक से एक रात पहले हुआ है।

भीड़ ने सुसींद्रो मैतेई के निजी गोदाम में लगाई आग

घटना पूर्वी इंफाल के खुरई में शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे हुई। भीड़ ने सुसींद्रो मैतेई के निजी गोदाम को आग लगा दी। इसके बाद वहां मौजूद सुरक्षा बलों ने भीड़ को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल किया। पिछले महीने इंफाल में गुस्साई भीड़ ने कई निर्वाचित प्रतिनिधियों के आवास पर हमला किया है। इनमें केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह, राज्य के कैबिनेट मंत्री नेमचा किपगेन, पीडब्ल्यूडी मंत्री गोविंददास कोंथौजम, उरीपोक विधायक रघुमणि सिंह, सुगनू विधायक के रंजीत सिंह और नौरिया पाखांगलकपा विधायक एस केबी देवी के आवास शामिल हैं।

शुक्रवार रात की घटना तब हुई जब मैतेई प्रभुत्व वाले इलाके और कुकी बहुल इलाके की सीमा पर गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले बीते 14 जून को राज्य की महिला मंत्री नेमचा किपगेन के इंफाल पश्चिम जिले के लामफेल इलाके में स्थित घर को कुछ अज्ञात लोगों ने जला दिया था।

वहीं इसके अगले दिन 15 जून को केंद्रीय मंत्री आरके रंजन सिंह के घर पर हमला किया गया था और उसे आग के हवाले कर दिया गया था। मणिपुर में मेइती और कुकी समुदायों में हुए जातीय संघर्ष में अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

अमित शाह ने शनिवार शाम बुलाई सर्वदलीय बैठक

मणिपुर में हिंसा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार शाम सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में केंद्र सरकार हिंसा और उसकी वजहों के बारे में सभी दलों के नेताओं को ब्रीफ करेंगे। इसके अलावा केंद्र सरकार सभी विपक्षी दलों से सहयोग की भी अपील कर सकती है।