देश की राजधानी नई दिल्ली में रविवार (दो सितंबर) को अकबर रोड का नाम बदलने की कोशिश की गई। भगवा रंग के कपड़ों में कुछ लोगों ने इस रोड के साइन बोर्ड पर दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम के पोस्टर चिपकाए। हरे रंग के पोस्टर पर लिखा था- अटल मार्ग। पूर्व पीएम को अपना आदर्श बताने वालों ने कुछ देर के लिए अकबर रोड का बोर्ड बदलकर अटल मार्ग जरूर कर दिया। पर इन कथित समर्थकों में से कुछ को ये भी नहीं पता था कि वाजपेयी की जन्मतिथि क्या है या उन्होंने कितनी कविताएं अपने जीवनकाल में लिखी थीं।
यह मामला शाम चार-पांच बजे के आस-पास का है। 15-20 लोग अकबर रोड के साइन बोर्ड के पास पहुंचे थे। उनमें महिलाएं भी शामिल थीं। भगवा कुर्ते-शर्टें पहने और स्कार्फ डाले इन लोगों ने बिना किसी की इजाजत के कुछ देर के लिए बोर्ड पर अटल मार्ग का पोस्टर लगा दिया। यही नहीं, पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि देने वाले कुछ पोस्टर भी साइन बोर्ड के इर्द-गिर्द इन लोगों ने चिपकाए थे।
ये सभी यहां सड़क का नाम बदलने के लिए मांग पत्र भी साथ लिए थे। मामले की जानकारी पुलिस और मीडिया को हुई, तो वे मौके पर पहुंचे। ‘एबीपी न्यूज’ ने सड़क का नाम बदलने वालों में से एक शख्स से अटल के बारे में सवाल-जवाब करना शुरू किया, तो तो वे लोग बात घुमाते नजर आए। देखिए बातचीत के दौरान क्या हुआ था-
WATCH: अकबर रोड का नाम बदल कर अटल मार्ग करने आए दीपक शर्मा को अटल जी जन्मतिथि भी पता नहीं!!
#AkbarRoad#AtalBihariVajpayee pic.twitter.com/1xlfwEMrqo— Jainendra Kumar (@jainendrakumar) September 2, 2018
वहीं, ‘दैनिक भास्कर’ को एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, कांग्रेस मुख्यालय के पास अकबर रोड पर कुछ लोगों ने अटल के नाम के पोस्टर चस्पा कर दिए थे। शाम को ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोका और पुलिस को इस बारे में बताया। उन्हें हिरासत में लेकर कुछ देर बाद छोड़ दिया गया था। उन लोगों की मांग थी कि इस रोड का नाम बदल कर अटल मार्ग कर दिया जाए।
हर बार ऐसा ही क्यों होता है कि जितने भी मुस्लिम शासक रहे हैं उनके नाम पर ही सड़कों के नाम बदलने का चलन होता है अंग्रेज क्या इनके पूर्वज थे जो इनके नाम पर जो सड़के हैं उनका नाम नहीं बदलते दिल्ली में बहुत रोड है जिनका नाम अंग्रेजो के नाम पर है#AkbarRoad #farzirashtrbakht pic.twitter.com/Uuk879rdwt
— Syed Mubashshir. سید مبشر (@m_mubashshir) September 2, 2018
आपको बता दें कि दिल्ली में मुगल शासकों के नाम पर कई सड़कों के नाम हैं। इनमें शाहजहां रोड और तुगलक रोड भी आती हैं, जिनके नाम पूर्व में बदलने का प्रयास किया जा चुका है। मई में अकबर रोड के बोर्ड पर महाराणा प्रताप मार्ग नाम का पोस्टर लगाया गया था। यह रोड कांग्रेस मुख्यालय के पास पड़ती है।