देश के पूर्व उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू को पद्म विभूषण सम्मान दिया गया है। उनके अलावा वैजयंती माला, स्वर्गीय बिंदेश्वरी पाठक, पद्मा सुब्रमण्यम, कोनिडेला चिरंजीवी को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा पद्म भूषण पाने वाले कुल 17 लोग शामिल हैं जिसमें अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का नाम भी है।

पद्म भूषण पाने वालों में एम फातिमा बीवी, हॉर्मुसजी एन.कामा, मिथुन चक्रवर्ती,सीताराम जिंदल, यूंग लियू, अश्विन बालचंद मेहता, सत्यब्रत मुखर्जी, राम नईक, तेजस मधुसूदन पटेल, ओलानचेरी राजगोपाल, दत्तात्रेय अंबादास मयालू उर्फ राजदत्त, तोंगदान रिनपोचे, प्यारेलाल शर्मा, चंद्रेश्वर प्रसाद ठाकुर, उषा उथुप, विजयकांत और कुन्दन व्यास का नाम शामिल है।

इसके अलावा 34 हस्तियों को इस बार पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया है। इस लिस्ट में पार्वती बरुआ, जागेश्वर यादव, चामी मुर्मू, गुरविंदर सिंह, सत्य नारायण बलेरी, दुक्खू माझी, के चेल्लामल, संगथंकिमा, हेम चंद्र माझी, यानुंग जमोह लेगो, सोमन्ना, सर्वेश्वर बासुमेतेरी, प्रेमा धनराज, उदय विश्वनाथ देश पांडेय, याज्की मॉनेकशॉ इटालिया का नाम शामिल है।

पद्म पुरस्कार उन हस्तियों को दिया जाता है जिन्होंने कला, साहित्य ,शिक्षा ,खेल, विज्ञान, समाज सेवा, लोक कार्य ,सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग समेत अलग-अलग क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल की है या अपनी विशिष्ट सेवाएं दी हैं। पद्म पुरस्कारों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है और लोगों को उनकी सेवा के आधार पर पद्म पुरस्कार दिया जाता है।

Padmaawards.gov.in वेबसाइट के अनुसार केंद्र सरकार 1954 से भारत रत्न और पद्म पुरस्कार दे रही है। 1954 में इसके 3 वर्ग थे, पहला वर्ग , दूसरा वर्ग और तीसरा वर्ग। लेकिन 1955 के गणतंत्र दिवस से पहले इनके वर्गों के नाम बदल दिए गए। 8 जनवरी 1955 से इनका नाम हो गया पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री।

पद्म विभूषण: पद्म विभूषण पुरस्कार असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।

पद्म भूषण : पद्म भूषण पुरस्कार उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।

पद्म श्री: पद्मश्री पुरस्कार विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।