Delhi Assembly Polls 2020: आम आदमी पार्टी (आप) की उत्तर प्रदेश इकाई दिल्ली चुनाव में अहम भूमिका निभाने जा रही है। उत्तर प्रदेश में ‘आप’ के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों को विधानसभा स्तर पर समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जो ‘आप’ की उत्तर प्रदेश इकाई के कार्यकर्ताओं के साथ नामित विधानसभा में घर-घर जाकर प्रचार करेंगे। साथ ही लोगों की प्रतिक्रिया को उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचाएंगे। उत्तर प्रदेश के समन्वयक रोजाना विधानसभावार कामों की रिपोर्ट राज्यसभा सांसद संजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत को देंगे। आप के गौतमबुद्धनगर अध्यक्ष भूपेंद्र जादौन को त्रिनगर विधानसभा सीट के लिए समन्वयक की जिम्मेदारी मिली है।

उत्तर प्रदेश सचिव विनय पटेल को करोलबाग और अंजनी मिश्र को मादीपुर, उत्तर प्रदेश छात्र इकाई के अध्यक्ष वंश राज दुबे को चांदनी चौक विधानसभा सीट के लिए समन्वयक बनाया गया है। ‘आप’ के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने बताया कि चुनाव में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को उन विधानसभा में लगाया जा रहा है, जहां उत्तर प्रदेश व बिहार के निवासियों की संख्या अधिक है।

नोएडा महानगर अध्यक्ष प्रशांत रावत को भी त्रिनगर विधानसभा क्षेत्र में लगाया गया है। सभाजीत सिंह ने दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, शामली समेत कई जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति तैयार की। जिसमें उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं की दिल्ली चुनाव में भूमिका तय करने के लिए मंथन चला। इस बैठक में भाग लेने के लिए नोएडा से जिलाध्यक्ष के साथ जिले के कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे।

भाजपा उत्तराखंड इकाई कर रही प्रचार

दिल्ली में रहने वाले उत्तराखंड के निवासियों को पक्ष में करने के लिए उत्तराखंड भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है। उत्तरांखड के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बंशीधर भगत के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल पार्टी के पक्ष में प्रचार करेगा। इसके अलावा पूर्व कैबिनेट मंत्री धनसिंह रावत, मदन कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष व खटीमा के विधायक पुष्कर धामी, मंसूरी के विधायक गणेश जोशी, गढ़वाल के पूर्व संगठन मंत्री कैलाश पंत, महापौर सुनील उनियाल, सत्यप्रकाश शर्मा, दिनेश राणा, ऋषि कांडवाल, जगमोहन रावत आदि नेता दिल्ली के उत्तराखंड निवासी बाहुल्य इलाकों में प्रचार कर रहे हैं।