समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान की मुश्किलें खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही। उन पर कई मामलों में शिकंजा कसता ही जा रहा है। इस बात का अंदाजा उनके घर के बाहर चस्पा किए गए तमाम नोटिसों को देखकर से लगाया जा सकता है। अदालत की ओर से भेजे गए नोटिसों से आजम की घर की दीवारें भर चुकी हैं। इसकी एक फोटो भी सामने आई है जिसमें देखा जा सकता है कि सपा सांसद के रामपुर स्थित निवास स्थान पर किस तरह एक दो नहीं बल्कि कई नोटिस चस्पा किए गए हैं। यह फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल है।
यह नोटिस सपा सांसद के नाम पर ही नहीं बल्कि परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर भी हैं। इनमें उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद ताजीन फातिम और बेटे विधायक अब्दुल्ला आजम के नाम भी शामिल हैं। बता दें कि अगर कोई आरोपी नोटिस लेने में असमर्थ होता है तो नियमों के अनुसान नोटिस को उसके घर के बाहर चस्पा कर दिया जाता है। यह नोटिस नियम के आधार पर आजम के निवास पर लगाए गए हैं।
आजम लगातार पुलिस की अनदेखी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सपा नेता समन को लगातार अनदेखा कर रहे हैं। आजम के खिलाफ अब तक 80 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से ज्यादात्तर जौहर यूनिवर्सिटी जमीन प्रकरण से जुड़े हैं। आरोप है कि सपा सांसद ने जौहर यूनिवर्सिटी के लिए किसानों की जमीन जबरन हड़प ली थी।
स्थानीय किसानों ने ही सपा सांसद के खिलाफ यह केस दर्ज किए हैं। दर्ज शिकायत में कहा गया है कि आजम खान ने बलपूर्वक उनसे जमीन छीन ली थी। मालूम हो कि हाल ही में समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर सांसद आजम के खिलाफ दर्ज सभी मामले वापस ले लिए जाएंगे।