Weather Update Today, Mausam Kaisa Rahega: उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी पड़ रही है। कुछ हिस्सों में बारिश के बाद मौसम का रूख भी बदला है। आईएमडी ने आज बिहार, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं।

दिल्ली-एनसीआर में बीते दिनों आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आई है। मगर अब इस पर ब्रेक लग सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में आज आसमान साफ रहेगा। लेकिन शाम के समय तेज हवा चल सकती है। IMD के मुताबिक, इस पूरे सप्ताह दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

दिल्ली में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

26 अप्रैल को रात के समय एक-दो जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। यहां पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक रहेगा। इसके बाद 27 अप्रैल को एक बार फिर आंशिक बादल देखने को मिलेंगे। आईएमडी के मुताबिक ऐसा ही मौसम 28 से 30 अप्रैल के बीच रह सकता है। यहां पर अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री तक रहने वाला है।

अगले 24 घंटों के दौरान असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश कुछ जगहों पर हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी हिमालय, केरल के कुछ हिस्सों, विदर्भ और मराठवाड़ा में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में कुछ जगहों पर हल्की बारिश संभव है। इतना ही नहीं, देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान बढने की संभावना है। गंगा के तटवर्ती पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा, आंतरिक कर्नाटक, झारखंड, बिहार, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति संभव है।

बिहार के मौसम का हाल

बिहार की राजधानी पटना समेत प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह से गर्म है। साथ ही, लू के थपेड़े व तपती धरती लोगों को बेचैन कर रही है। लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है। ऐसे में अभी किसी राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। पटना का पारा 40.7 डिग्री रहा। आईएमडी के मुताबिक, आज से 29 अप्रैल तक पटना सहित दक्षिणी व उत्तरी भागों के कुछ स्थानों में गर्म दिन रहने व लू (Heat Wave) को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया है।