उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार के मंत्रिमण्डल में व्यापक फेरबदल के तहत आज 20 मंत्रियों तथा राज्यमंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी। मंत्रिमण्डल में कुल नौ मंत्रियों को प्रोन्नति दी गयी है जबकि दो कैबिनेट तथा 10 राज्यमंत्रियों समेत कुल 12 नये मंत्रियों को शामिल किया गया है।
राज्यपाल राम नाईक ने राजभवन में आयोजित शपथग्रहण समारोह में स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्रियों अरविन्द सिंह गोप, कमाल अख्तर तथा विनोद सिंह उर्फ पंडित सिंह को काबीना मंत्री के तौर पर शपथ दिलायी गयी। इसके अलावा बलवंत सिंह रामू वालिया तथा साहब सिंह सैनी के रूप में नये मंत्रियों ने भी काबीना मंत्री की शपथ ली।
रामू वालिया का चयन चौंकाने वाला है क्योंकि वह राज्य विधानमण्डल के किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। मंत्रिमण्डल में नये राज्यमंत्री के रूप में शामिल किये गये हेमराज वर्मा कार्यक्रम में उपस्थित ना होने के कारण शपथ नहीं ले सके।
इसके अलावा खादी एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री रियाज अहमद, वन राज्यमंत्री फरीद महफूज किदवाई, पर्यटन राज्यमंत्री मूलचन्द चौहान, प्राविधिक शिक्षा राज्यमंत्री रामसकल गुर्जर, स्वास्थ्य राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल तथा उर्च्च्जा राज्यमंत्री यासिर शाह को प्रोन्नति देकर राज्यमंत्री :स्वतंत्र प्रभार: के रूप में शपथ दिलायी गयी।