केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में भाजपा को 1,000 रुपये का दान दिया। यह पहली बार था जब उन्होंने पार्टी को नमो ऐप के माध्यम से दान किया। नमो ऐप के माध्यम से लोगों को इसी तरह का दान करने के लिए प्रेरित करने के प्रयास में, उन्होंने कहा कि यह सूक्ष्म दान है जो पार्टी को मजबूत करेगा।

पार्टी को किए गए दान की रसीद शेयर करते हुए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने ट्वीट कर लिखा कि, “आज मैंने पार्टी फंड में 1,000 रुपये का दान दिया। मैं लोगों से भाजपा को दान देने की अपील करता हूं। आपका सूक्ष्म दान पार्टी को और मजबूत करेगा। आप नमो ऐप के जरिए दान कर सकते हैं।” हालांकि मंत्री ने अपने मंत्रालय में किसी भी योजना के लिए नहीं बल्कि महिला बाल विकास मंत्रालय की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के लिए 1,000 रुपये का दान दिया है।

एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे अमीर पार्टी है। वित्त वर्ष 2019-20 में भारतीय जनता पार्टी ने करीब 4847 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की, जो सभी राजनीतिक दलों में सबसे अधिक है। वहीं दूसरे नंबर पर बहुजन समाज पार्टी है जिसके पास करीब 698 करोड़ रुपए की संपत्ति है। जबकि तीसरे नंबर पर कांग्रेस है जिसके पास 588 करोड़ रुपए की संपत्ति है।

शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी उत्तर प्रदेश के रामपुर में थे और इस दौरान उन्होंने परवड़ीया में निर्माणाधीन सद्भाव मंडप का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने मंडप के बारे में अफसरों से जानकारी प्राप्त की। सद्भाव मंडप का उपयोग आपदा प्रबंधन के लिए भी किया जाएगा क्योंकि यहां पर बड़ी संख्या में लोगों को ठहराने के लिए इंतजाम भी है। सद्भाव मंडप में लोग विवाह समारोह या सार्वजनिक कार्यक्रम कर सकेंगे और यह सभी धर्मों के लिए खुला रहेगा।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रामपुर में देश का सबसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त सद्भाव मंडप का निर्माण हो रहा है। इसके माध्यम से स्थानीय कारीगरों से लोग रूबरू हो सकेंगे। साथ ही कलाकारों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 के मार्च तक यह काम पूरा हो जाएगा और विभिन्न समुदायों के लोगों के विवाह समारोह और सार्वजनिक कार्यक्रम यहां पर संपन्न हो सकेंगे।